भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने बाल गृह जगदलपुर का किया निरीक्षण

post

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने बाल गृह जगदलपुर का किया निरीक्षण

जगदलपुर, 23 जून । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण देव ने आज मंगलवार काे वृंदावन कॉलोनी स्थित बाल गृह का निरीक्षण कर वहां निवासरत देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों की देखभाल, सुरक्षा तथा उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बच्चों की स्थिति, पोषण व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाओं, शैक्षणिक गतिविधियों तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने बच्चों से आत्मीय संवाद स्थापित किया और उनकी आवश्यकताओं को समझते हुए संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की देखभाल अत्यंत संवेदनशीलता और समर्पण के साथ किया जाना चाहिए। ऐसे संस्थानों में बच्चों के लिए सुरक्षित, सम्मान जनक एवं पारिवारिक वातावरण उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने बाल गृह के अधीक्षक एवं कर्मचारियों को बच्चों की सेवा और देखभाल के प्रति अधिक सक्रिय एवं संवेदनशील रहने के निर्देश देते हुए कहा कि राज्य सरकार बच्चों के कल्याण एवं विकास के लिए सुविधाओं का निरंतर विस्तार और उन्नयन कर रही है।

इस अवसर पर विधायक ने अपने प्रयासों से निर्मित छत्तीसगढ़ के प्रथम मॉडल बाल गृह एवं बाल कल्याण समिति कार्यालय के पूर्ण हो चुके उन्नयन कार्यों का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि देख-रेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों को बेहतर आवासीय, शैक्षणिक एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। बच्चों के रहने का स्थान स्वच्छ, सुरक्षित एवं उत्कृष्ट स्तर का होना चाहिए। उन्होंने बताया कि मॉडल बाल गृह के विकास का यह प्रथम चरण है, तथा आगामी समय में बच्चों के लिए अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बच्चों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना शासन की जिम्मेदारी है तथा इस दिशा में हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं विधायक किरण सिंह देव की बच्चों के प्रति संवेदनशीलता तथा मॉडल बाल गृह के उन्नयन कार्यों के लिए बाल कल्याण समिति, बस्तर के अध्यक्ष नरेन्द्र पाणिग्राही, समिति के सदस्यों, बाल गृह के प्रभारी अधीक्षक मनोजकांत जोशी, कर्मचारियों एवं बच्चों ने उनका आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

निरीक्षण के दौरान बाल कल्याण समिति, बस्तर के अध्यक्ष नरेन्द्र पाणिग्राही, सदस्य श्रीमती वर्षा श्रीवास्तव, श्रीमती धनेश्वरी वर्मा, रामकृष्ण ठाकुर, बाल गृह के प्रभारी अधीक्षक मनोजकांत जोशी, रंजीता जोशी, पलक साव, माहेश्वरी सरवन, सोमा सरकार, मेघा चौहान सहित बाल गृह के बच्चे उपस्थित रहे।

You might also like!