भट्टी के नेटवर्क को खंगालने के लिए एनआईए ने पंजाब-हरियाणा में की छापेमारी


देश 09 June 2026
post

भट्टी के नेटवर्क को खंगालने के लिए एनआईए ने पंजाब-हरियाणा में की छापेमारी

नई दिल्ली, 09 जून। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने मंगलवार को पंजाब और हरियाणा में 18 स्थानों पर छापेमारी की। यह छापेमारी पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी से जुड़े तीन गैंगस्टरों और उनके आतंकी नेटवर्क मामलों की जांच के सिलसिले में की गईं । एजेंसी ने दोनों राज्यों के कई जगहों पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान एजेंसी ने कई व्यक्तियों से पूछताछ कर डिजिटल उपकरण, दस्तावेज़ और संचार नेटवर्क, वित्तीय लेन‑देन तथा संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े साक्ष्य जब्त किए गए।

एनआईए ने बताया कि तलाशी के दौरान जुटाई गई जानकारी और साक्ष्यों को जांच के लिए वैज्ञानिक अपराध परीक्षण तथा तकनीकी परीक्षण के लिए भेजा गया है, ताकि सीमा पार की बड़ी साजिश का पर्दाफाश किया जा सके। कुछ व्यक्तियों को आगे की पूछताछ के लिए नोटिस भी जारी किए गए हैं। आज की कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य भट्टी के सहयोगियों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करना था।

जांच में अब तक सामने आया है कि मार्च, 2025 में जालंधर (पंजाब) में सोशल मीडिया एक्टीविस्ट रोजर संधू के घर पर हुए ग्रेनेड हमले के पीछे शहजाद भट्टी का हाथ था। इस मामले में अप्रैल में एजेंसी ने भट्टी को फरार घोषित कर आरोपपत्र दाखिल किया था। इसके अलावा एजेंसी ने पाया कि नवंबर, 2025 में हरियाणा के सिरसा महिला थाने में हुए विस्फोट और जनवरी, 2026 में अंबाला के बल्देव नगर थाने पर हुए कार बम धमाके की साजिश भी भट्टी ने रची थी। एजेंसी ने सिरसा मामले में मई में एजेंसी ने नौ आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था, जिनमें भट्टी और पाकिस्तानी हैंडलर सोहैल अहमद उर्फ सोहैल बलोच भी शामिल था।

You might also like!