अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने कहा है कि ईरान संघर्ष के आर्थिक प्रभाव और ऊर्जा की बढ़ती कीमतों के बावजूद भारत वैश्विक आर्थिक विकास का एक प्रमुख चालक बना हुआ है। आईएमएफ की नियमित प्रेस ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए, आईएमएफ के संचार विभाग की निदेशक जूली कोज़ैक ने कहा कि मजबूत घरेलू मांग के समर्थन से बाहरी चुनौतियों के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था लचीली बनी हुई है।
अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए भारत के विकास दर अनुमान को 6.5 प्रतिशत पर बरकरार रखा है, जो अप्रैल में किए गए संशोधन के अनुरूप है। सुश्री कोज़ैक ने कहा कि यह पूर्वानुमान पिछले वर्ष से जारी मजबूत गति और अमेरिकी टैरिफ दरों में कमी को दर्शाता है, जिसने वैश्विक ऊर्जा संकट के प्रभाव को कम करने में मदद की।
उन्होंने कहा कि कैलेंडर वर्ष की पहली तिमाही में भारत की अर्थव्यवस्था ने उम्मीदों से बेहतर प्रदर्शन करना जारी रखा। सुश्री कोज़ैक ने यह भी कहा कि आईएमएफ मध्य पूर्व में हालिया युद्धविराम और होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने की दिशा में हुई प्रगति को वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए सकारात्मक घटनाक्रम मानता है। उन्होंने बताया कि तेल की कीमतें अपने उच्चतम स्तर से नीचे आ गई हैं, लेकिन संघर्ष-पूर्व स्तरों से लगभग 10 प्रतिशत ऊपर बनी हुई हैं, जबकि कुछ अन्य वस्तुओं की कीमतों में भी नरमी आने लगी है।
आईएमएफ द्वारा 8 जुलाई को अपने अद्यतन वैश्विक आर्थिक अनुमान जारी करने की उम्मीद है।
















