भारत और आसियान ने सीमा पार आतंकवाद सहित आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों की कड़ी निंदा की है। अंतर्राष्ट्रीय अपराधों पर 13वीं आसियान-भारत वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक बुधवार को वर्चुअल माध्यम से आयोजित की गई। दोनों पक्षों ने पहलगाम में 22 अप्रैल 2025 को हुए जघन्य आतंकवादी हमले और पिछले साल 10 नवंबर को लाल किले के पास हुई आतंकी घटना की निंदा की।
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि दोनों पक्षों ने आतंकवाद और अंतरराष्ट्रीय अपराधों से व्यापक और सतत रूप से निपटने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया। परामर्श के दौरान, दोनों पक्षों ने अंतरराष्ट्रीय अपराधों से निपटने के लिए आसियान-भारत कार्य योजना के ढांचे के तहत आतंकवाद, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, मानव तस्करी, अंतरराष्ट्रीय आर्थिक अपराध और साइबर अपराध के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। दोनों पक्षों के बीच संस्थागत संबंधों और क्षमता निर्माण कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई।


















