राष्ट्रीय पुरस्कार जीतकर सीधे लालबागचा राजा पहुंचे कार्तिक आर्यन


मनोरंजन 23 September 2026
post

राष्ट्रीय पुरस्कार जीतकर सीधे लालबागचा राजा पहुंचे कार्तिक आर्यन

मुंबई, 23 सितंबर । 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का सम्मान हासिल करने के बाद अभिनेता कार्तिक आर्यन बुधवार को सीधे मुंबई के लालबागचा राजा के दरबार पहुंचे। गुजरात के एकतानगर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से पुरस्कार ग्रहण करने के बाद मुंबई लौटे कार्तिक ने बप्पा के दर्शन किए और अपना राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार उनके चरणों में अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने बप्पा के सामने प्रार्थना भी की। कार्तिक के इस भक्तिमय पल का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है।

पुरस्कार मिलने की खुशी कार्तिक पहले ही सोशल मीडिया के जरिए जाहिर कर चुके थे। राष्ट्रपति से सम्मान ग्रहण करते हुए वीडियो शेयर कर उन्होंने अपने संघर्ष और सपने को याद किया। उन्होंने लिखा कि ग्वालियर के एक छोटे शहर के लड़के ने अभिनेता बनने का सपना देखा था और अब उसे सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है। उन्होंने फिल्म 'चंदू चैंपियन' के निर्देशक कबीर खान और निर्माता साजिद नाडियाडवाला का भी आभार जताया, जिन्होंने उन्हें भारत के पहले पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता मुरलीकांत पेटकर का किरदार निभाने का अवसर दिया।

लालबागचा राजा के दर्शन के बाद कार्तिक ने बप्पा की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, "मेरे सुखकर्ता, दुखहर्ता। शब्दों के पार मिला आपका आशीर्वाद, धन्यवाद बप्पा।" राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह से जुड़ी तस्वीरों में उन्होंने अपने माता-पिता के साथ भी एक तस्वीर शेयर की और इसे अपने लिए सबसे खास पलों में से एक बताया। इसके अलावा उन्होंने अभिनेत्री यामी गौतम और अभिनेता ममूटी के साथ भी तस्वीरें साझा कीं।

You might also like!