धमतरी के बालक चौक निगम कॉम्प्लेक्स में मवेशियों का डेरा, व्यापारी परेशान


छत्तीसगढ़ 23 September 2026
post

धमतरी के बालक चौक निगम कॉम्प्लेक्स में मवेशियों का डेरा, व्यापारी परेशान

धमतरी, 23 सितंबर । शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र बालक चौक स्थित नगर निगम कॉम्प्लेक्स में आवारा मवेशियों की बढ़ती आवाजाही से व्यापारी परेशान हैं। सुबह दुकान खोलने पहुंचने पर उन्हें सबसे पहले परिसर और दुकानों के सामने जमा गोबर व गोमूत्र की सफाई करनी पड़ती है।

व्यापारियों का कहना है कि कई बार मवेशी दुकानों के भीतर तक घुस जाते हैं, जिससे ग्राहकों और दुकानदारों के लिए परेशानी के साथ दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। उन्होंने नगर निगम से आवारा मवेशियों की धरपकड़ कर समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। बालक चौक शहर का प्रमुख व्यापारिक केंद्र है। यहां आसपास के गांवों सहित शहर के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में लोग खरीदारी और अन्य व्यावसायिक कार्यों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में दिनभर परिसर में मवेशियों के घूमने से आवाजाही प्रभावित होती है। कई बार मवेशी सड़क और दुकानों के सामने जम जाते हैं। अचानक उनके आपस में भिड़ने या इधर-उधर दौड़ने से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए भी खतरा उत्पन्न हो जाता है।

व्यापारी रामकुमार वाधवानी, सोहन सोनकर और कैलाश साहू ने बताया कि मवेशियों के कारण रोजाना दुकान खोलने से पहले सफाई करनी पड़ती है। गोबर और गोमूत्र से परिसर में गंदगी फैलने के साथ दुर्गंध की समस्या भी बनी रहती है। व्यापारियों का कहना है कि इस संबंध में नगर निगम को कई बार अवगत कराया गया है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। पूर्व में मवेशियों की ठोकर से लोगों के घायल होने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।

व्यापारियों ने मांग की है कि बालक चौक सहित आसपास के क्षेत्रों में नियमित रूप से मवेशियों की धरपकड़ की जाए और खुले में मवेशी छोड़ने वाले पशु मालिकों पर कार्रवाई की जाए। इससे व्यापारिक क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने के साथ आम लोगों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सकेगी। नगर निगम आयुक्त अरुण कुमार वर्मा ने कहा कि शहर में घूम रहे बेसहारा मवेशियों की धरपकड़ के लिए जल्द ही योजना बनाई जाएगी। अभियान चलाकर मवेशियों को पकड़ा जाएगा, जिससे लोगों को राहत मिलेगी।

You might also like!