आलिया-रणबीर की पहल से बदलेगी 20 स्कूलों की तस्वीर


मनोरंजन 18 September 2026
post

आलिया-रणबीर की पहल से बदलेगी 20 स्कूलों की तस्वीर

अभिनेत्री आलिया भट्ट और अभिनेता रणबीर कपूर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिन के मौके पर सामाजिक कार्यों में सहयोग का संकल्प लिया है। आलिया ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर बताया कि वह अपने पति रणबीर के साथ 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत मुंबई के 20 स्कूलों के कायाकल्प में सहयोग करेंगी। अभिनेत्री ने 17 सितंबर को प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए इस पहल की जानकारी शेयर की।

आलिया ने लिखा कि 'सेवा संकल्प अभियान' सामूहिक प्रयास और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की भावना को सामने लाता है। उन्होंने कहा कि इस पहल का समर्थन करते हुए वह और रणबीर 20 स्कूलों के कायाकल्प का संकल्प लेते हैं। उनके मुताबिक, यह पहल बच्चों के लिए बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं और सीखने के अनुकूल वातावरण तैयार करने में मदद करेगी।

अभिनेत्री ने बताया कि स्कूलों में सुधार की योजना स्थानीय स्तर पर मिलने वाली सिफारिशों के आधार पर तैयार की जाएगी। इसका उद्देश्य बच्चों के लिए बेहतर और सुविधाजनक स्थान उपलब्ध कराना है, जहां वे पढ़ाई के साथ अपने भविष्य को बेहतर दिशा दे सकें। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन (17 सितंबर) के अवसर पर शुरू हुआ 'सेवा संकल्प अभियान' 17 अक्टूबर तक चलेगा। इसके तहत जनसेवा, जनभागीदारी, रक्तदान, स्वच्छता और अन्य सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

You might also like!