ई-श्रम पोर्टल के शुभारंभ के आज पांच वर्ष पूरे हो गए हैं। यह भारत के असंगठित कार्यबल के लिए सामाजिक सुरक्षा को सुदृढ करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। श्रम और रोजगार मंत्रालय ने 2021 में इस पोर्टल को शुरू किया था। इसके माध्यम से देश का पहला आधार-आधारित राष्ट्रीय असंगठित श्रमिक डेटाबेस तैयार किया गया है। यह प्रत्येक पंजीकृत श्रमिक को विशिष्ट सार्वभौमिक खाता संख्या प्रदान करता है और कल्याण, रोजगार, कौशल विकास, प्रशिक्षुता तथा पेंशन सेवाओं को एकीकृत करके एक ही स्थान पर सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने वाले डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित हुआ है। ई-श्रम पोर्टल पर 31 करोड 89 लाख से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं। इसके साथ ही ई-श्रम ने लाभ वितरण, पोर्टेबिलिटी और साक्ष्य-आधारित नीति निर्माण में सुधार किया है। यह समावेशी, प्रौद्योगिकी-संचालित सामाजिक सुरक्षा के अनुकूल परिवेश के सरकार के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाता है। इसमें एक ही मंच पर 15 सामाजिक सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाओं को एक साथ लाया गया है। इनमें प्रधानमंत्री श्रम योगी मान-धन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम, एक राष्ट्र एक राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण और अन्य योजनाएं शामिल हैं।
ई-श्रम पोर्टल के 5 वर्ष: असंगठित कार्यबल के लिए सामाजिक सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि


















