भारत और न्यूजीलैंड ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र को स्वतंत्र, खुला और समावेशी बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई है। दोनों देशों के बीच दूसरी रक्षा रणनीतिक वार्ता कल न्यूजीलैंड के वेलिंगटन में हुई। वार्ता में समुद्री सुरक्षा, संयुक्त सैन्य प्रशिक्षण और रक्षा सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।
रक्षा मंत्रालय ने बताया कि, दोनों देशों ने भारत-न्यूजीलैंड रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने और 2030 के रोडमैप के लक्ष्यों को लागू करने पर विचार किया। इसके साथ ही संयुक्त सैन्य अभ्यास, सैन्यकर्मियों के आदान-प्रदान और रक्षा प्रशिक्षण संस्थानों के बीच सहयोग बढ़ाने के विकल्पों पर भी चर्चा की। रक्षा मंत्रालय के संयुक्त सचिव अमिताभ प्रसाद और न्यूजीलैंड के रक्षा मंत्रालय के उप सचिव रिचर्ड श्मिट ने वार्ता की सह-अध्यक्षता की।


















