कलेक्टर ने एग्रीस्टैक विशेष शिविरों का किया निरीक्षण, किसानों के पंजीयन और बकेट क्लेम के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

post

कलेक्टर ने एग्रीस्टैक विशेष शिविरों का किया निरीक्षण, किसानों के पंजीयन और बकेट क्लेम के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

जिले में किसानों के लिए संचालित एग्रीस्टैक कृषक पंजीयन एवं बकेट क्लेम विशेष शिविरों की प्रगति का जायजा लेने कलेक्टर जन्मेजय महोबे बुधवार को खरौद एवं राहौद क्षेत्र पहुंचे। उन्होंने शिविरों का निरीक्षण कर पंजीयन की स्थिति, किसानों को मिल रही सुविधाओं और लंबित बकेट क्लेम प्रकरणों की समीक्षा की।

इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र किसानों का निर्धारित समय-सीमा में एग्रीस्टैक पंजीयन सुनिश्चित किया जाए और लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण किया जाए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए एग्रीस्टैक फार्मर आईडी अनिवार्य है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पंजीयन प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाया जाए ताकि कोई भी पात्र किसान इससे वंचित न रहे। उन्होंने गांव-गांव में मुनादी कराने, कोटवारों और मैदानी अमले के माध्यम से किसानों को शिविरों तक पहुंचाने और व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर महोबे ने विशेष रूप से उन किसानों के मामलों पर भी ध्यान देने को कहा जिनके आधार कार्ड से मोबाइल नंबर लिंक नहीं हैं। उन्होंने ऐसे सभी प्रकरणों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि किसानों का पंजीयन बिना किसी बाधा के पूरा हो सके।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने सहकारी समिति का भी दौरा किया और किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं, उर्वरकों की उपलब्धता तथा भंडारण व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने खाद वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाने, किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने तथा नैनो यूरिया के उपयोग के प्रति किसानों को जागरूक करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

इसके बाद कलेक्टर ने राहौद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अस्पताल की साफ-सफाई, ओपीडी, प्रसव कक्ष, दवा वितरण कक्ष, उपचार व्यवस्था और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र को सुव्यवस्थित बनाए रखने और नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर ने क्षेत्र के लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाए और उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह एवं आवश्यक उपचार का लाभ मिले।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम पामगढ़ आर.के. तंबोली, अधीक्षक भू-अभिलेख सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

You might also like!