मप्र: मुख्यमंत्री मोहन यादव की किसानों से संवाद के जरिए समाधान निकालने की अपील, मंत्रियों की बनाई समिति


देश 29 July 2026
post

मप्र: मुख्यमंत्री मोहन यादव की किसानों से संवाद के जरिए समाधान निकालने की अपील, मंत्रियों की बनाई समिति

मूंग की 100 प्रतिशत सरकारी खरीदी और खाद की उपलब्धता समेत विभिन्न मांगों को लेकर मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल पहुंचे किसानों के आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों से संवाद के जरिए समाधान निकालने की अपील की है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि कृषक कल्याण वर्ष में राज्य सरकार सभी अन्नदाता भाइयों के हितों की रक्षा के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंषाना ने कल भी किसानों से बातचीत की थी। किसानों से जुड़े विषयों को लेकर मंत्रियों की एक समिति गठित की गई है, जो किसान भाइयों से संवाद करेगी।

उन्होंने बताया कि समिति के सदस्य कृषि मंत्री कंषाना, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग और पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर किसानों से संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार सदैव किसानों के सकारात्मक सुझावों के साथ है। हम संवाद के माध्यम से सभी समस्याओं का हल निकालने का प्रयास कर रहे हैं। हम किसानों और आम नागरिकों की बेहतरी के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएंगे। जनता को कष्ट न हो इसकी चिंता सभी को करना चाहिए।

इधर, नर्मदापुरम से शुरू हुई 'किसान क्रांति पैदल यात्रा' मंगलवार शाम भोपाल पहुंचने के बाद आंदोलन और तेज हो गया। करीब दो हजार किसानों ने होशंगाबाद रोड पर रातभर डेरा डाला। प्रशासन और किसान नेताओं के बीच देर रात करीब एक घंटे तक चली बैठक भी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी। किसानों ने साफ कर दिया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वे पीछे नहीं हटेंगे और मुख्यमंत्री निवास की ओर कूच करेंगे।

आंदोलन को देखते हुए भोपाल जिला प्रशासन ने नर्मदापुरम रोड स्थित सभी सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। वहीं नर्मदापुरम रोड, एम्स मार्ग, बंसल प्लाजा और कटारा हिल्स क्षेत्र में यातायात प्रभावित होने से कई मार्गों पर रूट डायवर्ट किए गए हैं। किसानों के मुख्यमंत्री निवास घेराव के ऐलान के बाद पुलिस प्रशासन भी हाई अलर्ट पर है।

मुख्यमंत्री निवास की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे किसानों को एम्प्री के पास वीर सावरकर सेतु पर पुलिस ने रोक दिया है। इस दौरान किसानों को रोकने के लिए बसों की चार लेयर में बैरिकेडिंग की गई है। कुछ किसान पहले बैरिकेडिंग पर चढ़ गए थे, जिन्हें पुलिस ने समझाइश देकर नीचे उतार दिया। इसके बाद किसान वहीं बैठकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। प्रदर्शन स्थल पर कुछ किसान अर्धनग्न होकर विरोध जता रहे हैं और सरकार से एमएसपी की कानूनी गारंटी समेत अन्य मांगें पूरी करने की मांग कर रहे हैं।

You might also like!