कोरबा में विकास कार्यों में देरी पर आयुक्त सख्त, लापरवाह निर्माण एजेंसियां होंगी ब्लैकलिस्ट

post

कोरबा में विकास कार्यों में देरी पर आयुक्त सख्त, लापरवाह निर्माण एजेंसियां होंगी ब्लैकलिस्ट

नगर पालिक निगम कोरबा के विकास और निर्माण कार्यों में हो रही देरी को लेकर आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बार-बार नोटिस के बाद भी कार्य शुरू नहीं करने वाली निर्माण एजेंसियों को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाए।

आयुक्त ने निगम के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत में बुधवार को अधिकारियों और अभियंताओं की बैठक लेकर विकास कार्यों, निर्माण कार्यों और विभागीय कामकाज की समीक्षा की। इस दौरान धीमी गति से चल रहे कार्यों पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने सभी कार्यों को समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में सड़क, नाली, सीसी रोड, सीवर लाइन, सामुदायिक भवन, उद्यान, तालाब विकास, विद्युत विस्तार सहित विभिन्न योजनाओं के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की गई। आयुक्त ने कहा कि नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने टीएल प्रकरणों, जनशिकायतों और जनसमस्याओं का समय पर निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के लंबित आवास निर्माण कार्यों को जल्द शुरू कराने और बिना अनुमति निर्माण पर कार्रवाई करने के लिए अधिकारियों को कहा।

आयुक्त ने सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट और सड़कों से मवेशी हटाने के लिए भी विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए सभी अधिकारी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

You might also like!