राजनांदगांव । राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत वार्ड क्रमांक 39 में पार्षद रवि सिन्हा ने विभिन्न पोलियो बूथों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ बच्चों को पोलियो की 'दो बूंद जिंदगी की' पिलाकर अभियान की शुरुआत में सहभागिता निभाई।
निरीक्षण के दौरान पार्षद रवि सिन्हा ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, नर्सिंग स्टाफ और मितानिनों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि यह अभियान बच्चों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी कारणवश कोई बच्चा पहले दिन पोलियो की दवा पीने से वंचित रह गया हो, तो 29 और 30 जून को घर-घर पहुंचने वाली स्वास्थ्य विभाग की टीम का सहयोग करें और सुनिश्चित करें कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से न छूटे।
पार्षद ने कहा कि पोलियो उन्मूलन के लिए जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है और प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग करे। उन्होंने वार्डवासियों से स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, नर्सिंग स्टाफ, मितानिन, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने और अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने का संकल्प लिया।


















