कोरबा : सड़कों से मवेशियों को हटाने का अभियान तेज, एक माह में 65 से अधिक पशु गोकुलनगर गोठान पहुंचाए गए

post

कोरबा : सड़कों से मवेशियों को हटाने का अभियान तेज, एक माह में 65 से अधिक पशु गोकुलनगर गोठान पहुंचाए गए

नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा शहर की सड़कों पर खुले में घूमने वाले मवेशियों को हटाने के लिए विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। बीते एक माह के दौरान निगम की टीम ने शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थानों से 65 से अधिक मवेशियों को रेस्क्यू कर सुरक्षित रूप से गोकुलनगर स्थित गोठान पहुंचाया है। निगम का कहना है कि यह अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

नगर निगम के अनुसार, शहर में कई पशुपालक अपने मवेशियों को खुले में छोड़ देते हैं, जिससे वे मुख्य सड़कों पर विचरण करने लगते हैं। इससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है और कई बार ऐसी घटनाएं हो भी चुकी हैं। इसके अलावा, मवेशियों के कारण यातायात प्रभावित होता है, आम लोगों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है तथा स्वयं मवेशियों के घायल होने की आशंका भी बनी रहती है।

इन्हीं समस्याओं को देखते हुए निगम की टीम प्रतिदिन काऊ कैचर वाहन के माध्यम से खुले में घूम रहे मवेशियों को पकड़कर गोकुलनगर गोठान पहुंचा रही है। यहां मवेशियों के लिए चारा, पानी और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि उन्हें सुरक्षित रखा जा सके।

अभियान के दौरान यदि संबंधित पशुपालक मौके पर मिलते हैं तो निगम अधिकारी उन्हें कड़ी समझाइश भी दे रहे हैं। उन्हें स्पष्ट रूप से कहा जा रहा है कि वे अपने मवेशियों को सड़कों पर खुला न छोड़ें और निर्धारित स्थान या अपने घर में ही सुरक्षित रखें।

महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत और नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने शहर के सभी पशुपालकों और डेयरी संचालकों से अपील की है कि वे अपने मवेशियों को स्वच्छंद रूप से सड़कों पर न छोड़ें। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से न केवल शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है, बल्कि लोगों की जान-माल को भी खतरा उत्पन्न होता है। साथ ही मवेशियों के घायल होने की संभावना भी बनी रहती है।

आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने निगम अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शहर के सभी प्रमुख मार्गों, संपर्क सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर यह अभियान लगातार जारी रखा जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि गोठान में लाए गए मवेशियों के लिए चारा, पैरा और शुद्ध पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था बनी रहे तथा समय-समय पर उनका स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया जाए।

नगर निगम का मानना है कि इस अभियान से शहर में सड़क सुरक्षा मजबूत होगी, यातायात व्यवस्था बेहतर बनेगी और खुले में घूमने वाले मवेशियों की संख्या में कमी आएगी। निगम ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं सड़कों पर बड़ी संख्या में मवेशी घूमते दिखाई दें तो इसकी जानकारी नगर निगम को दें, ताकि तत्काल कार्रवाई की जा सके।

You might also like!