दो साल के लंबे इंतजार के बाद ओपनिंग बल्लेबाज मुरादाबाद निवासी सिद्धार्थ चौधरी एक बार फिर यूपी टी-20 लीग में खेलते नजर आएंगे। चौथे सीजन का आगाज 14 अगस्त से शुरू होने जा रहा है। लीग का उद्घाटन मुकाबला लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस बार सिद्धार्थ की वापसी से स्थानीय क्रिकेट खिलाड़ियों में उत्साह है।
क्रिकेट कोच मिर्जा दानिश आलम ने बताया कि बीते दिन को आगरा में हुई नीलामी में नोएडा किंग्स ने सिद्धार्थ चौधरी को 2.50 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया। सिद्धार्थ लीग के पहले सीजन में काशी रुद्रास का हिस्सा रहे थे, लेकिन उसके बाद लगातार दो सीजन तक नीलामी सूची में नाम होने के बावजूद उन्हें किसी भी फ्रेंचाइजी ने नहीं खरीदा था। मुरादाबाद के थाना सिविल क्षेत्र के वेव ग्रीन निवासी सिद्धार्थ चौधरी एक आक्रामक ओपनिंग बल्लेबाज हैं। उन्होंने अंडर-14, अंडर-16 और अंडर-23 स्तर पर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन का प्रतिनिधित्व किया है। इस बार उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है।
दो साल बाद यूपी टी-20 लीग में खेलेंगे मुरादाबाद के सिद्धार्थ चौधरी


















