भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में Chariot-1 फाउंडेशन मॉडल लॉन्च किया गया है। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के सचिव एस. कृष्णन ने बुधवार को इस स्वदेशी AI मॉडल का शुभारंभ किया। इसे Chariot Artificial Intelligence Pvt. Ltd. ने विकसित किया है। कंपनी IndiaAI Mission के तहत स्वदेशी फाउंडेशन मॉडल तैयार करने के लिए चुनी गई शुरुआती चार टीमों में शामिल है।
Chariot-1 को पूरी तरह भारत में शुरू से विकसित किया गया है। इसका प्रमुख उद्देश्य भारतीय भाषाओं में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की क्षमता को मजबूत करना और देश की भाषाई विविधता के अनुरूप तकनीक तैयार करना है। यह मॉडल अंग्रेजी के अलावा 10 भारतीय भाषाओं में काम करने में सक्षम है। इससे भारतीय भाषाओं में डिजिटल सेवाओं, संवाद और AI आधारित सुविधाओं के विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
इस मॉडल को विकसित करने में कई नई तकनीकों का इस्तेमाल किया गया है। इनमें ‘IndicShift’ प्रमुख है, जो भारतीय लिपियों के लिए एक साझा वर्णमाला तैयार करता है। कंपनी के मुताबिक, इस तकनीक की मदद से भारतीय भाषाओं के टेक्स्ट को प्रोसेस करने में इस्तेमाल होने वाले टोकन की संख्या 2.5 गुना तक कम हो सकती है। इससे AI मॉडल की कार्यक्षमता और संसाधनों के इस्तेमाल में सुधार करने में मदद मिल सकती है।
इसके अलावा, ‘Nested Training’ तकनीक के माध्यम से एक ही ट्रेनिंग प्रक्रिया में मॉडल के तीन अलग-अलग आकार तैयार किए गए हैं। कंपनी का दावा है कि इससे ट्रेनिंग की गति में 62 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। वहीं, ‘Mixture of Vocabularies’ तकनीक के इस्तेमाल से ट्रेनिंग की गति में 38 प्रतिशत तक सुधार दर्ज किया गया है।
Chariot-1 में संदर्भ के अनुसार आवाज तैयार करने की सुविधा भी दी गई है। कंपनी के अनुसार, Async TTS Pronunciation Benchmark पर इस मॉडल ने 97 प्रतिशत से अधिक मौखिक उच्चारण सटीकता हासिल की है। यह क्षमता भारतीय भाषाओं में वॉयस आधारित AI सेवाओं के विकास के लिए उपयोगी साबित हो सकती है।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार IndiaAI Mission के माध्यम से देश में AI अनुसंधान, नवाचार और स्वदेशी तकनीक के विकास को प्रोत्साहित कर रही है। Chariot-1 का लॉन्च इसी प्रयास का हिस्सा है। इसका उद्देश्य भारतीय जरूरतों और भाषाओं के अनुरूप AI मॉडल तैयार करना, तकनीकी आत्मनिर्भरता बढ़ाना और वैश्विक AI क्षेत्र में भारत की भागीदारी को मजबूत करना है।

















