माइक्रोसॉफ्ट की वैश्विक सेवाओं में रुकावट, कंपनी ने मांगी माफी


विज्ञान 14 November 2026
post

माइक्रोसॉफ्ट की वैश्विक सेवाओं में रुकावट, कंपनी ने मांगी माफी

दुनिया भर में अपनी सेवाओं में आई बड़ी तकनीकी रुकावट को लेकर माइक्रोसॉफ्ट ने शुक्रवार को ग्राहकों और साझेदारों से माफी मांगी। इस आउटेज के कारण लाखों यूजर्स प्रभावित हुए और कई देशों में कारोबार, एयरलाइंस तथा सरकारी कामकाज पर असर पड़ा। कंपनी ने बताया कि अब सेवाएं धीरे-धीरे सामान्य हो रही हैं और प्रभावित क्षेत्रों में स्थिरता लौट रही है।

माइक्रोसॉफ्ट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर इस व्यवधान पर गहरा खेद जताया। कंपनी ने कहा कि उसे इस बात का पूरा एहसास है कि दुनियाभर के ग्राहक उसकी सेवाओं पर कितना भरोसा करते हैं। इस जिम्मेदारी को वह गंभीरता से लेती है। कंपनी के मुताबिक, सेवाओं की उपलब्धता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और अधिकांश प्रभावित क्षेत्रों में रिकवरी देखी जा रही है।

कंपनी ने स्पष्ट किया कि इस समस्या के पीछे तकनीकी गड़बड़ी थी। इसका किसी साइबर हमले या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एजेंट से कोई संबंध नहीं था। माइक्रोसॉफ्ट के अनुसार, पहले किए गए नेटवर्क क्षमता विस्तार के दौरान एक तकनीकी समस्या उत्पन्न हुई थी, जिसका प्रभाव नेटवर्क में बदलाव किए जाने के बाद सामने आया। कंपनी ने मुख्य समस्या को ठीक कर लिया है और अब उन ग्राहकों तथा क्षेत्रों में सेवाएं बहाल करने पर काम कर रही है, जहां अभी भी परेशानी बनी हुई है।

माइक्रोसॉफ्ट ने बताया कि सेवाओं को एक साथ पूरी तरह बहाल करने के बजाय अलग-अलग चरणों में ठीक किया गया। प्रत्येक चरण में यूजर्स की मांग और नेटवर्क की क्षमता को ध्यान में रखते हुए स्थिरता की जांच की गई। कंपनी का कहना है कि इस प्रक्रिया से रिकवरी में थोड़ा अधिक समय जरूर लगा, लेकिन इससे सेवाओं को सुरक्षित और स्थिर तरीके से दोबारा शुरू करने में मदद मिली।

इससे पहले कंपनी ने जानकारी दी थी कि प्रभावित इंफ्रास्ट्रक्चर के बड़े हिस्से में सेवाओं की उपलब्धता और ईमेल डिलीवरी की स्थिति में सुधार हो रहा है। कंपनी अब पूरे मामले की विस्तृत समीक्षा कर रही है और जांच पूरी होने के बाद पोस्ट-इंसिडेंट रिपोर्ट जारी करेगी।

गौरतलब है कि यह तकनीकी व्यवधान गुरुवार रात शुरू हुआ था। सर्वर के हेल्थ चेक सिस्टम में खराबी आने के कारण कई सर्वर अनुपलब्ध हो गए थे। शुरुआत में कंपनी ने कॉन्फिगरेशन में बदलाव और प्रभावित सर्वरों को रीस्टार्ट करके समस्या दूर करने की कोशिश की। इसके अलावा एक वैकल्पिक हेल्थ चेक सिस्टम भी शुरू किया गया, जिससे कुछ सर्वरों को दोबारा सक्रिय करने में सफलता मिली।

इस आउटेज का असर माइक्रोसॉफ्ट की कई लोकप्रिय सेवाओं पर पड़ा। आउटलुक, माइक्रोसॉफ्ट टीम्स और एआई असिस्टेंट कोपायलट का इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को परेशानी हुई। कई देशों में कंपनियों, एयरलाइंस और सरकारी संस्थानों का काम प्रभावित हुआ। हालांकि अब सेवाएं धीरे-धीरे सामान्य हो रही हैं, लेकिन कंपनी प्रभावित क्षेत्रों में पूरी तरह स्थिरता बहाल करने में जुटी है।

You might also like!