नेटफ्लिक्स की सीरीज 'टनल मेन' से जुड़ीं तब्बू, पहली बार करेंगी हिंदी ओटीटी डेब्यू


मनोरंजन 18 November 2026
post

नेटफ्लिक्स की सीरीज 'टनल मेन' से जुड़ीं तब्बू, पहली बार करेंगी हिंदी ओटीटी डेब्यू

मुंबई, 18 नवंबर। अभिनेत्री तब्बू जल्द ही अपनी पहली हिंदी ओरिजिनल स्ट्रीमिंग सीरीज में नजर आएंगी। वह वाईआरएफ एंटरटेनमेंट की आगामी नेटफ्लिक्स सीरीज 'टनल मेन' का हिस्सा बन गई हैं।

यह एक काल्पनिक ड्रामा है, जो नवंबर 2023 में उत्तराखंड की सिलक्यारा सुरंग में फंसे मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए चलाए गए चुनौतीपूर्ण बचाव अभियान से प्रेरित है। सीरीज में उस घटना के दौरान सामने आए साहस, धैर्य, टीमवर्क और उम्मीद की भावना को कहानी के रूप में पेश किया जाएगा।

'टनल मेन' का निर्देशन शिव रवैल कर रहे हैं, जो इससे पहले 'द रेलवे मेन' के जरिए दर्शकों के सामने एक सच्ची घटना पर आधारित कहानी ला चुके हैं। तब्बू का फिल्मी करियर तीन दशक से अधिक लंबा रहा है। 'माचिस' और 'चांदनी बार' में उनके अभिनय के लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिल चुके हैं। इसके अलावा 'मकबूल', 'हैदर' और 'अंधाधुन' जैसी फिल्मों में भी उन्होंने अपने अभिनय की अलग छाप छोड़ी है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वह 'द नेमसेक', 'लाइफ ऑफ पाई' और सीरीज 'ड्यून: प्रोफेसी' में भी काम कर चुकी हैं।

यह प्रोजेक्ट वाईआरएफ एंटरटेनमेंट में हेड ऑफ कंटेंट के तौर पर शामिल हुए सौगता मुखर्जी की पहली सीरीज भी है। कंपनी के सीईओ अक्षय विधानी के नेतृत्व में तैयार हो रही इस सीरीज के जरिए दर्शकों तक एक और प्रेरणादायक कहानी पहुंचाने की तैयारी है। मुखर्जी इससे पहले 'स्कैम 1992', 'महारानी', 'तब्बर' और 'रॉकेट बॉयज' जैसी चर्चित सीरीज से जुड़े रहे हैं। ‘टनल मेन’ नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी। इसके साथ वाईआरएफ एंटरटेनमेंट और नेटफ्लिक्स की साझेदारी भी आगे बढ़ेगी, जिसकी शुरुआत 2023 में 'द रोमांटिक्स' से हुई थी।

You might also like!