'कॉफी विद करण 9' में पहली बार करण के बच्चों के साथ नजर आएंगे शाहरुख खान


मनोरंजन 16 November 2026
post

'कॉफी विद करण 9' में पहली बार करण के बच्चों के साथ नजर आएंगे शाहरुख खान

मुंबई, 16 नवंबर । करण जौहर के चर्चित चैट शो 'कॉफी विद करण' के नौवें सीजन की शुरुआत सलमान खान के साथ हुई थी और अब इसके आखिरी एपिसोड में शाहरुख खान नजर आने वाले हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, शाहरुख पूरे एपिसोड का हिस्सा नहीं होंगे, बल्कि एक खास सेगमेंट में दिखाई देंगे। सलमान इस सीजन के शुरुआती एपिसोड में अकेले मेहमान बने थे, जबकि शाहरुख के साथ अन्य मेहमान भी नजर आ सकते हैं। हालांकि, निर्माताओं की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

इस एपिसोड की खास बात यह भी होगी कि करण जौहर के जुड़वां बच्चे रूही और यश पहली बार टेलीविजन पर दिखाई देंगे। साल 2004 में इस शो की शुरुआत शाहरुख खान और काजोल के साथ हुई थी। ऐसे में फिनाले में शाहरुख की मौजूदगी शो के पुराने सफर की यादें ताजा कर सकती है। रिपोर्ट के अनुसार, इस एपिसोड की शूटिंग पूरी हो चुकी है। शाहरुख इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'किंग' की तैयारियों में व्यस्त हैं, जो दिसंबर में रिलीज होने वाली है। इसी वजह से वह पूरे एपिसोड के बजाय इसके एक हिस्से में शामिल होंगे।

रिपोर्ट के मुताबिक, शाहरुख की बेटी सुहाना खान भी इस एपिसोड में नजर आ सकती हैं। उनका हिस्सा उनकी आने वाली फिल्म की थीम से जुड़ा हो सकता है। वहीं, सीजन के आगामी एपिसोड में सारा अली खान और इब्राहिम अली खान की जोड़ी दिखाई देगी। इसके अलावा आलिया भट्ट अपनी बहन शाहीन भट्ट के साथ और डिंपल कपाड़िया, ट्विंकल खन्ना भी शो में मेहमान बनकर पहुंचेंगी।

You might also like!