केंद्र सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के अंतर्गत डॉ. आंबेडकर फाउंडेशन (डीएएफ) 26 नवंबर, गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी के डॉ. आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र (डीएआईसी) में संविधान दिवस समारोह का आयोजन करेगा। सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री तथा डॉ. आंबेडकर फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र कुमार कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के होंगे।
कार्यक्रम में 26 नवंबर, 1949 को देश के संविधान को अपनाने की स्मृति में एक समारोह आयोजित किया जाएगा। साथ ही संविधान सभा की प्रारूप समिति के अध्यक्ष भारत रत्न डॉ. बी.आर. आंबेडकर के राष्ट्र की संवैधानिक और लोकतांत्रिक नींव को आकार देने में दिए गए अमूल्य योगदान को पुनः स्मरण किया जाएगा।
समारोह का आयोजन “संविधान @76: डॉ. बी.आर. आंबेडकर की संवैधानिक दृष्टि और भारतीय लोकतंत्र का भविष्य” विषय पर किया जाएगा।
यह विषय न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के संवैधानिक आदर्शों की निरंतर प्रासंगिकता को रेखांकित करता है। इसका उद्देश्य संवैधानिक नैतिकता, लोकतांत्रिक शासन, संस्थागत जवाबदेही और समावेशी समाज के संबंध में डॉ. आंबेडकर की दृष्टि के प्रति गहरी समझ विकसित करना है। यह समारोह समकालीन चुनौतियों से निपटने और देश के लोकतांत्रिक ढांचे को मजबूत बनाने में संवैधानिक मूल्यों की भूमिका पर विचार-विमर्श का मंच भी प्रदान करेगा।
सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले और बी.एल. वर्मा भी इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे। सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के सचिव सुधांश पंत भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। समारोह का प्रमुख आकर्षण पूर्व मुख्य न्यायाधीश माननीय न्यायमूर्ति उदय उमेश ललित द्वारा संविधान की प्रस्तावना का वाचन होगा।
न्यायमूर्ति ललित “संवैधानिक शासन और डॉ. बी.आर. आंबेडकर की विरासत” विषय पर संविधान दिवस व्याख्यान भी देंगे। उनका संबोधन भारतीय संविधान के मूलभूत सिद्धांतों, देश के संवैधानिक लोकतंत्र के विकास में डॉ. आंबेडकर के योगदान तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत बनाने और सामाजिक न्याय सुनिश्चित करने में उनके विचारों के निरंतर महत्व का उल्लेख करेगा।
इस कार्यक्रम में देशभर के विश्वविद्यालयों में स्थापित डॉ. आंबेडकर पीठों से जुड़े अध्यक्ष प्रोफेसर, सहायक प्रोफेसर और शोधार्थी, प्रतिष्ठित शिक्षाविद, शोधकर्ता, विद्वान, वरिष्ठ सरकारी अधिकारी तथा अन्य गणमान्य आमंत्रित व्यक्ति शामिल होंगे। समारोह के अंतर्गत एक शैक्षणिक संवाद का भी आयोजन किया जाएगा। यह संवैधानिक मूल्यों, सामाजिक परिवर्तन, सामाजिक न्याय और भारतीय लोकतंत्र के भविष्य पर विचारों के सार्थक आदान-प्रदान के लिए मंच प्रदान करेगा।
डॉ. आंबेडकर पीठों से जुड़े विद्वानों और शैक्षणिक प्रतिनिधियों की भागीदारी से उनके दर्शन, बौद्धिक विरासत और राष्ट्र निर्माण में योगदान पर अकादमिक चर्चा को और मजबूती मिलेगी। यह संवाद आंबेडकरवादी विचारधारा के प्रसार को भी प्रोत्साहित करेगा तथा शैक्षणिक संस्थानों और लोगो के बीच संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाएगा।
संविधान को संविधान सभा ने 26 नवंबर 1949 को अपनाया था और यह 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ था। देश के लोगों की सामूहिक आकांक्षाओं को प्रतिबिंबित करता है तथा एक संप्रभु, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक गणराज्य का ढांचा स्थापित करता है। संविधान दिवस को संविधान दिवस के नाम से भी जाना जाता है। इसे संविधान को अपनाए जाने की स्मृति में प्रतिवर्ष 26 नवंबर को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य संविधान के मूल्यों और सिद्धांतों के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना है।
















