ढाका, 25 नवंबर । बांग्लादेश सरकार को आखिरकार आंदोलनरत कपड़ा उद्योग (रेडीमेड गारमेंट) कर्मचारियों के न्यूनतम वेतनमान को 12,500 टका से बढ़ाकर 17,000 टका करने की घोषणा करनी पड़ी। कर्मचारी इसे 30,000 टका करने की जिद पर अड़े हुए हैं। कर्मचारियों ने इस घोषणा के बाद आंदोलन को और तेज कर दिया। इस बीच ढाका सहित आठ जिलों में बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) की कुल 108 प्लाटून तैनात की गई हैं। इनमें से 56 प्लाटून अकेले गोपालगंज में तैनात हैं। अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के दिसंबर में स्वदेश लौटने की घोषणा के बाद देश में राजनीतिक अस्थिरता व्याप्त है। हसीना की पार्टी अवामी लीग प्रदर्शन कर रही है।
प्रोथोम अलो, बीडी न्यूज 24 डॉट कॉम और ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार कपड़ा उद्योग के कर्मचारियों के आंदोलन के कारण औद्योगिक शहरों में बिगड़ती स्थिति के बीच फैक्टरी मालिकों और मजदूरों के प्रतिनिधियों के बीच कई दौर की बातचीत हुई। ढाका के सेगुनबगीचा स्थित मिनिमम वेज बोर्ड कार्यालय में 12 घंटे तक बैठक चली। यह बैठक मंगलवार दोपहर 2 बजे शुरू होकर बुधवार सुबह करीब 2 बजे खत्म हुई। बताया गया है कि फैक्टरी मालिकों और मजदूरों के प्रतिनिधि किसी आम सहमति पर नहीं पहुंच सके। इसके बाद छह सदस्यीय बोर्ड ने मतदान के जरिए नया न्यूनतम वेतन तय किया। बोर्ड के अनुसार न्यूनतम वेतनमान 12,500 टका को बढ़ाकर 17, 000 टका कर दिया गया है।
गाजीपुर औद्योगिक क्षेत्र में आज सुबह इस घोषणा पर नाराजगी जताते हुए कर्मचारियों ने दो राजमार्गों पर कई जगहों पर प्रदर्शन किया। पुलिस ने भीड़ को राजमार्ग से हटाने की कोशिश की तो टकराव शुरू हो गया। पुलिस को स्थिति संभालने के लिए आंसू गैस के गोले और स्टन ग्रेनेड दागने पड़े। गाजीपुर औद्योगिक क्षेत्र के पुलिस अधीक्षक मो. अमजद हुसैन ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे ढाका-मयमनसिंह और ढाका-तंगैल राजमार्ग पर भोगरा बाईपास, नाओजोर और सालना इलाकों सहित कई कारखानों के सामने कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया।
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चंदना चौराहे से भोगरा बाईपास, बोर्ड बाजार के साइनबोर्ड, नाओजोर, भवाल मिर्ज़ापुर और मास्टरबारी तक के इलाकों में मजदूरों ने सड़कों और राजमार्गों पर यातायात बाधित कर दिया। पुलिस और बीजीबी ने हटाने का प्रयास किया तो ईंट-पत्थर फेंके गए। जवानों ने आंसू गैस और स्टन ग्रेनेड दागकर स्थिति को काबू में लाने की कोशिश की। उधर, गाजीपुर सदर उपजिला के भवाल मिर्जापुर इलाके में स्थित क्वाट्रो फैशन, लैला गारमेंट्स, रागाडी फैशन, राजेंद्रपुर के बांग्लाबाजार और कई अन्य गारमेंट फैक्टरियों के कर्मचारियों ने काम पर लौटने के बजाय बांग्लाबाजार-भवाल मिर्जापुर और मास्टरबारी-भवाल मिर्जापुर क्षेत्रीय सड़कों और ढाका-मयमनसिंह राजमार्ग पर प्रदर्शन शुरू कर दिया है। जाम में सैकड़ों वाहन चालक बीच रास्ते में फंसे हुए हैं।
इस बीच गाजीपुर के श्रीपुर में सत्तारूढ़ बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने मार्च निकाला। बीएनपी ने औद्योगिक क्षेत्र में फैली अशांति और फैक्टरियों पर हुए हमलों एवं तोड़फोड़ की निंदा की। पार्टी ने इसके लिए अवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया। मार्च का नेतृत्व श्रीपुर उपजिला बीएनपी के पूर्व महासचिव और उपजिला परिषद अध्यक्ष पद के उम्मीदवार अख्तरुल आलम मास्टर ने किया। यह मार्च सुबह करीब 11 बजे श्रीपुर-माओना हाइवे पर तेंगरा रोड जंक्शन से प्रारंभ हुआ।यह नगरपालिका की मुख्य सड़क से होते हुए और मुक्तिजोद्धा कार्यालय के पास से गुजरते हुए रेलवे गेट के पास स्थित बीएनपी कार्यालय के सामने एक रैली के साथ समाप्त हुआ।
बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश के बुधवार सुबह जारी बयान के अनुसार गृह मंत्रालय के आदेश पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ढाका सहित आठ जिलों में बीजीबी की कुल 108 प्लाटून तैनात की गई हैं। इनमें से 56 प्लाटून अकेले गोपालगंज में तैनात हैं। ढाका के सावर और आशुलिया में 18 प्लाटून, नारायणगंज में छह, गाजीपुर में 18, भालुका में दो, गोपालगंज में 56, चट्टोग्राम में तीन और कॉक्स बाजार में एक प्लाटून तैनात की गई है। इसके अलावा चार प्लाटून को जरूरत पड़ने पर तैनात करने के लिए स्टैंडबाय पर रखा गया है।
















