भखारा शराब दुकान परिसर में युवक से लूट, तीन आरोपित गिरफ्तार

post

भखारा शराब दुकान परिसर में युवक से लूट, तीन आरोपित गिरफ्तार

धमतरी, 28 मई । भखारा शराब दुकान परिसर में युवक से चाकू की नोक पर नगदी और मोबाइल लूटने वाले तीन आरोपितों को धमतरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू एवं नगदी रकम भी पुलिस ने जब्त कर ली है, जबकि मामले में शामिल एक अन्य फरार आरोपित की तलाश लगातार जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 25 मई को पीड़ित अपने बड़े भाई के कहने पर शराब और डीजल खरीदने के लिए तीन हजार रुपये लेकर भखारा आया था। रात करीब आठ बजे जब वह भखारा शराब दुकान परिसर पहुंचा, तभी वहां पहले से मौजूद आरोपितों और एक विधि से संघर्षरत बालक ने उसे रोक लिया और पैसों की मांग करने लगे। पीड़ित द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर आरोपित अंशुमन साहू ने धारदार चाकू निकालकर उसके गले पर अड़ा दिया। वहीं आरोपित लोकेश पटेल और विधि से संघर्षरत बालक ने उसे पकड़ लिया। इसी दौरान आरोपित समीर निर्मलकर ने मारपीट करते हुए पीड़ित के पास रखे तीन हजार रुपये एवं रेडमी मोबाइल फोन लूट लिया। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपित मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही भखारा पुलिस ने बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। थाना भखारा पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए अंशुमन साहू 18 वर्ष निवासी भखारा तथा लोकेश पटेल 18 वर्ष निवासी भखारा को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही एक विधि से संघर्षरत बालक को भी हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपितों ने घटना करना स्वीकार किया। उनके कथन के आधार पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू एवं नगदी रकम जब्त की है। वहीं फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड धमतरी के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जबकि गिरफ्तार आरोपितों को गुरुवार काे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

You might also like!