सूरजपुर, 29 अप्रैल । छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के दूरस्थ उमझर गांव में बुधवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां घर में लगी आग में पूर्व पंचायत सचिव की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे के समय वे घर में अकेले थे।
घटना चांदनी-बिहारपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत उमझर की है। यहां निवासी 55 वर्षीय ईश्वर सिंह, जो पूर्व पंचायत सचिव थे, के घर में सुबह अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि घटना के समय ईश्वर सिंह घर में अकेले थे, जबकि उनके परिवार के अन्य सदस्य एक शादी समारोह में शामिल होने बाहर गए हुए थे।
घर में आग लगते देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी भीषण थीं कि अंदर फंसे ईश्वर सिंह को बाहर नहीं निकाला जा सका। आग पर काबू पाने तक उनकी जिंदा जलकर मौत हो चुकी थी। इस हादसे में मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आग बुझने के बाद जले हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था। ग्रामीणों के अनुसार ओड़गी ब्लॉक में फायर ब्रिगेड की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जा सका, जिससे नुकसान और बढ़ गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस शॉर्ट सर्किट की आशंका के साथ अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है।इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
सूरजपुर में दर्दनाक हादसा, घर में लगी भीषण आग, पूर्व पंचायत सचिव जिंदा जले







.jpg)



.jpg)
.jpg)





