ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में साल 2018 के चर्चित बॉल टैंपरिंग विवाद यानी 'सैंडपेपर गेट' ने एक बार फिर सुर्खियां बटोर ली हैं। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा 'सब्र' में किए गए नए खुलासों के बाद इस मामले की दोबारा जांच कराने की मांग उठ रही है। हालांकि, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी टॉड ग्रीनबर्ग ने साफ कर दिया है कि बोर्ड फिलहाल इस मामले की जांच दोबारा शुरू करने के पक्ष में नहीं है। उनका कहना है कि जांच फिर से खोलने का कोई ठोस कारण नहीं है और ऐसा करने से कोई खास नतीजा हासिल होने की उम्मीद भी नहीं है।
ग्रीनबर्ग ने मंगलवार को रेडियो स्टेशन एसईएन से बातचीत में कहा कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया 2018 में हुई जांच के नतीजों से संतुष्ट है। उन्होंने कहा कि उस्मान ख्वाजा ने अपनी किताब में जो बातें लिखी हैं, उन्हें भी बोर्ड ने संज्ञान में लिया है, लेकिन उनकी बातें उस समय टीम के दूसरे खिलाड़ियों की ओर से दिए गए बयानों से मेल नहीं खातीं। ग्रीनबर्ग के मुताबिक, उन्होंने हाल के दिनों में 2018 की टीम के कई खिलाड़ियों से बातचीत की है। सभी की घटनाओं को लेकर अलग-अलग यादें और दावे हैं। ऐसे में सभी खिलाड़ियों के बीच एक साझा सहमति बन पाना मुश्किल है।
दरअसल, यह विवाद मार्च 2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन टेस्ट के दौरान सामने आया था। मैच के दौरान ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी कैमरन बैनक्रॉफ्ट को गेंद की सतह के साथ छेड़छाड़ करने के लिए सैंडपेपर का इस्तेमाल करते हुए कैमरे में देखा गया था। इसके बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने जांच की और तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ, उपकप्तान डेविड वॉर्नर तथा बैनक्रॉफ्ट को दोषी ठहराते हुए प्रतिबंध लगाए थे। स्मिथ और वॉर्नर पर 12-12 महीने, जबकि बैनक्रॉफ्ट पर नौ महीने का प्रतिबंध लगाया गया था। उस समय की जांच में कहा गया था कि गेंद से छेड़छाड़ की योजना की जानकारी इन्हीं तीन खिलाड़ियों को थी।
अब उस्मान ख्वाजा ने अपनी आत्मकथा में दावा किया है कि गेंद से छेड़छाड़ की योजना के बारे में ऑस्ट्रेलियाई टीम के अन्य खिलाड़ियों को भी जानकारी थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि केपटाउन टेस्ट से पहले पोर्ट एलिजाबेथ में खेले गए टेस्ट मैच के दौरान भी सैंडपेपर का इस्तेमाल किया गया था, हालांकि उस समय मामला पकड़ में नहीं आया था। ख्वाजा के अनुसार, इस घटना की जिम्मेदारी केवल तीन खिलाड़ियों तक सीमित कर देना पूरी तस्वीर को सामने नहीं लाता। उन्होंने यह भी कहा कि उस समय क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच में उनका बयान नहीं लिया गया था, जबकि वह ड्रेसिंग रूम में बैनक्रॉफ्ट के पास बैठे थे।
ख्वाजा के दावों को डेविड वॉर्नर का भी समर्थन मिला है। वॉर्नर ने कहा कि ख्वाजा ने अपनी किताब में जो बातें लिखी हैं, वे पूरी तरह सही हैं। उन्होंने 2018 की जांच प्रक्रिया को जल्दबाजी में की गई और अधूरी जांच बताया। वॉर्नर का सवाल है कि जब ख्वाजा घटना के दौरान ड्रेसिंग रूम में मौजूद थे, तो उनसे पूछताछ क्यों नहीं की गई। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और स्पिनर नाथन लायन पहले ही इस योजना की जानकारी होने से इनकार कर चुके हैं। इन खिलाड़ियों ने 2021 में संयुक्त बयान जारी कर कहा था कि उन्हें गेंद से छेड़छाड़ की जानकारी तब हुई, जब मैदान पर बड़ी स्क्रीन पर इसकी तस्वीरें दिखाई गईं।
ग्रीनबर्ग ने कहा कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सामने सबसे बड़ी चुनौती खिलाड़ियों के अलग-अलग दावे हैं। उनके मुताबिक, कुछ खिलाड़ी आज भी उसी बात पर कायम हैं, जो उन्होंने 2018 में कही थी। बोर्ड के नेतृत्व, प्रबंधन और हाई परफॉर्मेंस स्टाफ में भी पिछले आठ वर्षों में बदलाव हो चुका है। ऐसे में पुराने मामले को दोबारा खोलने से कोई निर्णायक निष्कर्ष निकलने की संभावना कम है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि आने वाले दिनों में कप्तान पैट कमिंस सहित कुछ अन्य खिलाड़ियों से इस विवाद पर सवाल पूछे जा सकते हैं।
फिलहाल क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने जांच दोबारा शुरू करने से इनकार कर दिया है, लेकिन ख्वाजा की किताब और वॉर्नर के समर्थन ने आठ साल पुराने विवाद को फिर चर्चा में ला दिया है। अब क्रिकेट प्रशंसकों की नजर इस बात पर है कि ऑस्ट्रेलियाई टीम के दूसरे खिलाड़ी इन आरोपों पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं और क्या आने वाले समय में इस मामले से जुड़े नए तथ्य सामने आते हैं

















