108 स्तूपों के ऐतिहासिक आयोजन में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे किरेन रिजिजू


विदेश 01 November 2026
post

108 स्तूपों के ऐतिहासिक आयोजन में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे किरेन रिजिजू

भूटान में आयोजित 108 पवित्र बौद्ध स्तूपों के निर्माण और अभिषेक समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू कर रहे हैं। यह आयोजन भूटान के इतिहास के महत्वपूर्ण आध्यात्मिक कार्यक्रमों में शामिल माना जा रहा है। रविवार, 1 नवंबर को गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी में 108 जंगचूब चोर्टेन यानी ज्ञान प्राप्ति के प्रतीक स्तूपों की स्थापना और अभिषेक की प्रक्रिया शुरू हुई। इस पहल की परिकल्पना भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्येल वांगचुक ने की है। कार्यक्रम में भूटान के शाही परिवार, आध्यात्मिक गुरुओं, बौद्ध भिक्षुओं और हजारों श्रद्धालुओं की भागीदारी हो रही है। भारत की ओर से किरेन रिजिजू की मौजूदगी दोनों देशों के बीच मजबूत सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों को भी दर्शाती है

रिजिजू 31 अक्टूबर को भूटान पहुंचे, जहां पारो हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री दाशो शेरिंग तोबगे, विदेश मंत्री डी.एन. ढुंगेल, वरिष्ठ अधिकारियों और भारत तथा भूटान के राजदूतों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे स्वयं गाड़ी चलाकर उन्हें गेलेफू लेकर पहुंचे। रिजिजू ने इस स्वागत को अपने लिए विशेष सम्मान बताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि 108 स्तूपों की स्थापना का यह आयोजन गहरे आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व का अवसर है। उन्होंने इसे भूटान के राजा की दूरदर्शी पहल भी बताया

इस समारोह की शुरुआत पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों के साथ हुई। सुबह के समय 58 पारंपरिक तुरहियों की ध्वनि के बीच सामूहिक रूप से ‘ओम मणि पद्मे हुम’ मंत्र का जाप किया गया। यह मंत्र तिब्बती बौद्ध परंपरा में करुणा और दया का प्रतीक माना जाता है। आयोजकों के अनुसार, 108 स्तूपों को एक ही स्थान पर एक साथ स्थापित और अभिषिक्त करने की यह पहल अपने पैमाने के लिहाज से असाधारण है। प्रत्येक स्तूप लगभग 15 मीटर ऊंचा है और इनके भीतर पवित्र अवशेष, धार्मिक ग्रंथ, मंत्र तथा बुद्ध से जुड़ी स्मृतियां रखी जा रही हैं। इन अवशेषों में भारत सहित थाईलैंड, मलेशिया, सिंगापुर और अन्य देशों से प्राप्त पवित्र सामग्री भी शामिल है

You might also like!