आरएमएल अस्पताल के 666 बेड वाले सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक को फायर सेफ्टी क्लीयरेंस


देश 24 October 2026
post

आरएमएल अस्पताल के 666 बेड वाले सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक को फायर सेफ्टी क्लीयरेंस

दिल्ली में अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बड़ी कामयाबी मिली है। राजधानी के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल के 666 बेड वाले सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक को फायर सेफ्टी क्लीयरेंस मिल गया है। इससे इस अत्याधुनिक चिकित्सा केंद्र को शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है।

अस्पताल की कुल बेड क्षमता 1,538 से बढ़कर 2,204 हो जाएगी

482 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस 11 मंजिला ब्लॉक में 18 ऑपरेशन थिएटर, 99 आईसीयू बेड, 196 एचडीयू बेड और तीन कैथेटराइजेशन लैब होंगी। इस ब्लॉक के पूरी तरह चालू होने पर अस्पताल की कुल बेड क्षमता 1,538 से बढ़कर 2,204 हो जाएगी। इससे गंभीर मरीजों के इलाज और सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

इलाज की विशेष सुविधाएं होंगी उपलब्ध 

नए ब्लॉक में कैंसर, कैंसर सर्जरी, लिवर और पाचन तंत्र से जुड़ी बीमारियों के इलाज की विशेष सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यहां लिवर ट्रांसप्लांट की सुविधा के साथ कैंसर के इलाज के लिए दो लीनियर एक्सीलरेटर और PET स्कैन से लैस न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग भी होगा।

जे.पी. नड्डा ने अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं और बुनियादी ढांचे की समीक्षा की

यह मंजूरी ऐसे समय मिली है, जब केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने शुक्रवार को आरएमएल अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं और बुनियादी ढांचे की समीक्षा की। उन्होंने मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं तक लोगों की पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया।

मरीजों को उन्नत इलाज की सुविधा मिलेगी

नया सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक शुरू होने से दिल्ली और आसपास के राज्यों से आने वाले मरीजों को उन्नत इलाज की सुविधा मिलेगी। साथ ही, अस्पताल की उपचार क्षमता बढ़ने से मरीजों को राहत मिलने और इलाज के लिए प्रतीक्षा समय कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

You might also like!