पत्नी और बच्चों संग अजमेर दरगाह पहुंचे रितेश देशमुख, फिल्मों की कामयाबी और देश में अमन-चैन की मांगी दुआ


मनोरंजन 23 October 2026
post

पत्नी और बच्चों संग अजमेर दरगाह पहुंचे रितेश देशमुख, फिल्मों की कामयाबी और देश में अमन-चैन की मांगी दुआ

अजमेर, 23 अक्टूबर । बॉलीवुड अभिनेता रितेश देशमुख शुक्रवार को अपनी पत्नी जेनेलिया देशमुख और बच्चों के साथ विश्व प्रसिद्ध ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह पहुंचे। परिवार सहित दरगाह में हाजिरी लगाकर उन्होंने ख्वाजा साहब की मजार पर जियारत की और दुआ मांगी। अभिनेता के अजमेर पहुंचने की खबर फैलते ही दरगाह परिसर में प्रशंसकों की उत्सुकता बढ़ गई।

अपने पसंदीदा सितारे की एक झलक पाने और उनके साथ तस्वीर खिंचवाने के लिए लोग उत्साहित नजर आए।

रितेश देशमुख और उनका परिवार पुलिस सुरक्षा के बीच दरगाह पहुंचा। यहां खादिमों ने उन्हें जियारत करवाई। जियारत के बाद उनकी दस्तारबंदी की गई और तबर्रुक भेंट किया गया। इस दौरान अभिनेता और उनके परिवार ने परंपरागत तरीके से ख्वाजा साहब की दरगाह में हाजिरी लगाई। रस्में पूरी होने के बाद रितेश देशमुख परिवार सहित कड़ी सुरक्षा के बीच दरगाह से रवाना हो गए।

दरगाह में रितेश देशमुख और उनकी पत्नी जेनेलिया ने फिल्मों में कामयाबी, आगामी परियोजनाओं की सफलता और परिवार की खुशहाली के लिए दुआ मांगी।इसके साथ ही देश में अमन-चैन, शांति और भाईचारा कायम रहने की कामना भी की। ख्वाजा साहब की दरगाह पर देश-विदेश से जायरीन अपनी मन्नतें लेकर पहुंचते हैं। बॉलीवुड की जानी-मानी हस्तियों की आमद भी यहां आकर्षण का केंद्र बन जाती है।

अभिनेता के दरगाह पहुंचते ही प्रशंसकों में उन्हें करीब से देखने की होड़ नजर आई। कई लोग उनके साथ सेल्फी लेने और तस्वीर खिंचवाने के लिए उत्साहित दिखाई दिए। हालांकि, सुरक्षा व्यवस्था के कारण अभिनेता और उनके परिवार की आवाजाही नियंत्रित रखी गई। जियारत के दौरान धार्मिक रस्में पूरी करने के बाद रितेश देशमुख परिवार के साथ रवाना हो गए।

You might also like!