शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार पर दबाव, मजबूत बढ़त गंवा कर लाल निशान में लुढ़के सेंसेक्स और निफ्टी


व्यापार 23 October 2026
post

शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार पर दबाव, मजबूत बढ़त गंवा कर लाल निशान में लुढ़के सेंसेक्स और निफ्टी

नई दिल्ली, 23 अक्टूबर । घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान दबाव बना हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत बढ़त के साथ हरे निशान में हुई थी। बाजार खुलने के तुरंत बाद लिवालों ने खरीदारी का जोर बना दिया जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में तेजी आ गई, लेकिन थोड़ी देर बाद ही बिकवाली शुरू हो गई, जिसके कारण ये दोनों सूचकांक गिरते चले गए। बाजार में लगातार जारी खरीद-बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.58 प्रतिशत और निफ्टी 0.86 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 416.25 अंक यानी 0.57 प्रतिशत की शानदार बढ़त के साथ 73,665.64 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बाजार में उतार-चढ़ाव का दौर शुरू हो गया। खरीदारी के सपोर्ट से ये सूचकांक उछल कर 73,766.51 अंक तक पहुंचा। आईसीआईसीआई बैंक और टीसीएस जैसे कुछ बड़े हैवीवेट शेयरों में आई तेजी से बाजार को सहारा मिला। हालांकि दूसरी दिग्गज कंपनियों के शेयरों में बिकवाली होने के कारण सेंसेक्स कुछ देर में ही अपनी पूरी बढ़त गंवा कर लाल निशान में आ गया। बिकवाली का दबाव बनने से यह सूचकांक लगातार गिरता चला गया।बाजार में लगातार जारी खरीद-बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 423.14 अंक यानी 0.58 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 72,826.25 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा था।

सेंसेक्स की ही तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 54.55 अंक यानी 0.24 प्रतिशत की बढ़त के साथ 22,742.20 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही पहले लिवालों ने खरीदारी का जोर बनाया, जिससे निफ्टी की चाल में तेजी आई और यह उछल कर 22,787.25 अंक के ऊपरी स्तर तक पहुंच गया। हालांकि शुरुआती कारोबार के दौरान ही मंदड़ियों ने बिकवाली का चौतरफा दबाव बना दिया, जिसके कारण यह सूचकांक ऊपरी स्तर पर टिक नहीं सका। लगातार हो रही बिकवाली के कारण ये सूचकांक भी अपनी सारी मजबूती गंवा कर लाल निशान में गिर गया।बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 194.40 अंक यानी 0.86 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 22,493.25 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,973 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 509 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 2,464 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 8 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 22 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 11 शेयर हरे निशान में और 39 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से टीसीएस, इंफोसिस, एचसीएल टेक्नोलॉजी, भारती एयरटेल और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर 2.63 प्रतिशत से लेकर 0.13 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, टाटा स्टील, जियो फाइनेंशियल, टाइटन कंपनी और टीएमपीवी के शेयर 3.51 प्रतिशत से लेकर 2.58 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन गुरुवार को सेंसेक्स 460.30 अंक यानी 0.62 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 73,249.39 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 123.70 अंक यानी 0.54 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,687.65 अंक के स्तर पर गुरुवार के कारोबार का अंत किया था।

You might also like!