रायपुर नया रायपुर स्थित इंद्रावती भवन में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब भवन की लिफ्ट अचानक बीच में बंद हो गई। लिफ्ट में सवार करीब 7 से 8 अधिकारी-कर्मचारी अंदर ही फंस गए। लगभग आधे घंटे तक सभी लोग लिफ्ट के भीतर फंसे रहे, जिसके बाद काफी मशक्कत कर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया।
अचानक बीच रास्ते रुक गई लिफ्ट
जानकारी के मुताबिक, इंद्रावती भवन में अधिकारी और कर्मचारी रोज की तरह अपने कार्यालयीन कार्यों में व्यस्त थे। इसी दौरान 7 से 8 लोग एक लिफ्ट में सवार हुए। लिफ्ट चलने के कुछ देर बाद अचानक रुक गई और अंदर मौजूद सभी लोग उसमें फंस गए।
लिफ्ट के अचानक बंद होने से अंदर मौजूद लोगों में घबराहट की स्थिति बन गई। घटना की जानकारी जैसे ही भवन में मौजूद अन्य कर्मचारियों और संबंधित लोगों को मिली, उन्हें बाहर निकालने की कोशिश शुरू कर दी गई।
आधे घंटे तक लिफ्ट में फंसे रहे लोग
लिफ्ट में फंसे अधिकारी-कर्मचारियों को बाहर निकालने के लिए काफी प्रयास किया गया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद लिफ्ट को खोला जा सका और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
इस दौरान इंद्रावती भवन में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है।
लिफ्ट मेंटेनेंस पर उठे सवाल
घटना के बाद इंद्रावती भवन में लगी लिफ्ट के रखरखाव को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। बताया जा रहा है कि लिफ्ट का मेंटेनेंस काफी समय से नहीं हुआ है। हालांकि, लिफ्ट किस तकनीकी खराबी के चलते अचानक बंद हुई, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
अब इस घटना के बाद लिफ्ट की तकनीकी जांच और नियमित मेंटेनेंस को लेकर जिम्मेदार विभाग की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।
इंद्रावती भवन की लिफ्ट में आधे घंटे तक फंसे रहे अधिकारी-कर्मचारी, मेंटेनेंस पर उठे सवाल















