रायपुर राजधानी के देवेन्द्र नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इशवा लग्जरी स्पा सेंटर में छापेमारी के बाद इसे सील कर दिया है। यह कार्रवाई पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने 11 सितंबर को की।
जानकारी के मुताबिक, 10 सितंबर 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने देवेन्द्र नगर क्षेत्र स्थित इशवा लग्जरी स्पा सेंटर में रेड की थी। चेकिंग के दौरान पुलिस को वहां आपत्तिजनक सामग्री मिली।
संचालक और मैनेजर पर पीटा एक्ट के तहत केस
पुलिस के अनुसार, जांच और पूछताछ के दौरान स्पा सेंटर के संचालक और मैनेजर द्वारा युवतियों से कथित तौर पर जबरन देह व्यापार कराए जाने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने स्पा सेंटर के संचालक हरविंदर सिंग ग्रोवर, निवासी टिकरापारा, और मैनेजर मुकेश कुमार वर्मा, निवासी भिलाई-3 के खिलाफ देवेन्द्र नगर थाने में अपराध दर्ज किया।
दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 152/2026 के तहत अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम, 1956 (पीटा एक्ट) की धारा 4, 5 और 7 के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस-नगर निगम की संयुक्त टीम ने किया सील
पुलिस के मुताबिक, स्पा सेंटर में अनैतिक गतिविधियों के संचालन को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर 11 सितंबर को पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। टीम ने इशवा लग्जरी स्पा सेंटर को सील कर दिया।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में स्पा सेंटरों में चल रही गतिविधियों को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।
देवेन्द्र नगर स्थित ‘इशवा लग्जरी स्पा’ सील, आपत्तिजनक सामग्री मिलने के बाद कार्रवाई















