राजनांदगांव कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बायोमैट्रिक के माध्यम से समय पर अनिवार्य रूप से उपस्थिति दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग ई-ऑफिस अंतर्गत लंबित प्रकरणों का यथाशीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने जिले में चल रहे गिरदावरी कार्य के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गिरदावरी कार्य महत्वपूर्ण है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। गिरदावरी कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं त्रुटिरहित तरीके से पूर्ण किया जाए। उन्होंने सभी तहसीलदारों को सर्वेयरों के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने दोहरी फसल वाले रकबों का मौके पर जाकर अनिवार्य रूप से सत्यापन करने कहा। उन्होंने सभी स्कूलों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के आधार सत्यापन का कार्य भी प्राथमिकता से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कुपोषण मुक्ति अभियान की समीक्षा करते हुए छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुपोषित बच्चों को हर हाल में सुपोषण की श्रेणी में लाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। जिले के 338 आंगनबाड़ी केन्द्र कुपोषण मुक्त हो चुके हैं। कलेक्टर ने शेष ग्राम पंचायतों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों को शत-प्रतिशत कुपोषण मुक्त बनाने की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिले में बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण को लेकर विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सत्य साईं संस्था के सहयोग से बच्चों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने तथा जरूरतमंद बच्चों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करने कहा।
खाद की उपलब्धता एवं फसल बीमा की समीक्षा -
कलेक्टर ने जिले में खाद की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए अवैध उर्वरक भण्डारण एवं विक्रय के विरूद्ध नियमित जांच कर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की प्रगति की समीक्षा की। जिले में अब तक 1 लाख 42 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र का प्रधानमंत्री फसल बीमा कराया जा चुका है।
सीईओ जिला पंचायत दुर्गा प्रसाद अधिकारी ने सीएम जनदर्शन, सीएम हेल्पलाईन, पीजी पोर्टल एवं कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर प्रेमप्रकाश शर्मा, नगर निगम आयुक्त जीआर मरकाम सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

















