प्रधानमंत्री मोदी ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन, ईरानी राष्ट्रपति और संयुक्त राष्ट्र प्रमुख गुटेरेस के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं।


देश 12 September 2026
post

प्रधानमंत्री मोदी ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन, ईरानी राष्ट्रपति और संयुक्त राष्ट्र प्रमुख गुटेरेस के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले कल नई दिल्ली में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन और संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं।
 
राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ अपनी मुलाकात के दौरान, दोनों नेताओं ने राजनीति, व्यापार और अर्थव्यवस्था, रक्षा, ऊर्जा, अंतरिक्ष, कौशल आदान-प्रदान और जन-संबंधों सहित विभिन्न क्षेत्रों में भारत-रूस सहयोग की प्रगति की समीक्षा की। दोनों पक्षों ने पश्चिम एशिया और काला सागर क्षेत्र में चल रहे संघर्षों सहित पारस्परिक हित के प्रमुख क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी अपने विचार साझा किए।
 
प्रधानमंत्री मोदी ने एक बार फिर दोहराया कि संघर्षों के समाधान के लिए संवाद और कूटनीति ही एकमात्र रास्ता है और भारत शांति प्रयासों में सहयोग देने के लिए तत्पर है। दोनों नेताओं ने दोनों देशों के बीच विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के प्रयासों में निरंतर सहयोग जारी रखने पर सहमति व्यक्त की।
 
राष्ट्रपति पुतिन ने प्रधानमंत्री को 24वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए रूस आने का निमंत्रण दिया। प्रधानमंत्री ने निमंत्रण स्वीकार कर लिया। शिखर सम्मेलन की तिथियां आपसी सहमति से तय की जाएंगी। 
 
प्रधानमंत्री मोदी ने पुतिन से मुलाकात के दौरान उन्हें कवि-दार्शनिक तिरुवल्लुवर द्वारा रचित प्राचीन तमिल ग्रंथ तिरुक्कुरल का रूसी अनुवाद भेंट किया। इसका प्रकाशन केंद्रीय शास्त्रीय तमिल संस्थान द्वारा किया गया है।
 
राष्ट्रपति पुतिन ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए कल तड़के राजधानी पहुंचे।
 
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियान के साथ अपनी मुलाकात में प्रधानमंत्री मोदी ने द्विपक्षीय संबंधों और पश्चिम एशिया में हुए हालिया घटनाक्रमों पर चर्चा की। श्री मोदी ने भारत के इस सुस्थापित रुख को दोहराया कि सभी मुद्दों का समाधान संवाद और कूटनीति के माध्यम से ही होना चाहिए। उन्होंने क्षेत्र में स्थायी शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया, साथ ही नौवहन और वाणिज्य की स्वतंत्रता की रक्षा और नाविकों की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने के महत्व को भी रेखांकित किया।
 
 प्रधानमंत्री ने ब्रिक्स से संबंधित बैठकों में ईरान की निरंतर उच्च स्तरीय भागीदारी के लिए धन्यवाद दिया और वैश्विक दक्षिण के देशों के बीच लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए समूह की क्षमता पर प्रकाश डाला।
 
प्रधानमंत्री मोदी ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं ने मौजूदा वैश्विक संघर्षों, नौवहन की स्वतंत्रता, सतत विकास, नवीकरणीय ऊर्जा, वैश्विक खाद्य सुरक्षा और मानव-केंद्रित कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर चर्चा की। उन्होंने बहुपक्षवाद को मजबूत करने और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद सहित अंतरराष्ट्रीय संस्थानों में समकालीन वैश्विक वास्तविकताओं को प्रतिबिंबित करने के लिए सुधार करने के महत्व पर भी जोर दिया। श्री गुटेरेस ने चौथी बार ब्रिक्स की अध्यक्षता संभालने पर प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी।

You might also like!