उन्नाव, 26 मई । उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के औरास थाना क्षेत्र क़े अंतर्गत लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर एक डबल डेकर बस पलटने से
एक सब इंस्पेक्टर, एक कैदी समेत छह लोगों की मौत हो गई है। वहीं 21 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं जिनमें तीन सिपाही भी हैं। जिले केवरिष्ठ अधिकारियाें ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। गंभीर रूप से घायलाें काे ट्रामा सेंटर रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार औरास थाना क्षेत्र के अंतर्गत लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर दिल्ली से बिहार जा रही एक बस के चालक को अचानक
झपकी आने से डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेने में जाकर पलट गई। सुबह तकरीबन 4 बजे हुई इस दुर्घटना के बाद
चीख पुकार मच गई। सूचना पर मौके पर यूपीडा और पुलिस भी पहुंच गई और बचाव अभियान चलाया गया। घटना की सूचना पर जिलाधिकारी घनश्याम मीणा और पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह भी पहुंच गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, लेकिन डाॅक्टराें
ने छह लाेगाें काे मृत घाेषित कर दिया। गंभीर रूप से 21 घायलाें काे डाॅक्टरों ने लखनऊ केजीएमयू रिफर कर दिया। पुलिस ने बस को मार्ग से हटवा कर यातायात शुरू कराया।
दुर्घटना में मरने वालाें में बिहार के जिला सीवान पुलिस लाइन में तैनात एक सब इंस्पेक्टर रामचंद्र राम और गुरुग्राम निवासी कैदी छत्तरपाल सिंह तोमर भी शामिल है। अन्य मृतकों में विजय गुप्ता, रवि वरन, सूरज जमालाल और पल्लव कुमार शामिल हैँ। पुलिस ने इन 6 शवाें काे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। घायलाें में बिहार क़े सीवान जनपद की पुलिस लाइन में तैनात तीन सिपाही भी हैं। ये सभी पुलिसकर्मी कैदी छत्रपाल सिंह ताेमर को गुरुग्राम की एक काेर्ट में गवाही दिलाने के वापस सीवान आ रहे थे। बताया गया कि डबल डेकर बस में 30 से ऊपर यात्री सवार थे और अधिकांश यात्री बिहार प्रदेश के होना बताया जा रहा है।
औरास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी अनूप तिवारी ने बताया कि हादसे में छह लोगों की मौत हुई है और 21 गंभीर रूप से घायल हैं। जिन्हें ट्रामा सेंटर लखनऊ रिफर किया गया। घटना के संबंध में सीओ सोनम सिंह ने बताया कि सुबह 5 बजे एक प्राइवेट बस पलट गई। जिन्हें बचाव कार्य करते हुय उपचार के लिए भर्ती कराया गया। जहां डाक्टरों ने 21 घायलों को लखनऊ रिपोर्ट कर दिया।
घटना के संबंध में बिहार जिले के सीवान में हमारे रिपाेर्टर के अनुसार सीवान के एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि मंडल कारागार के कैदी को लेकर पुलिसकर्मी गुरुग्राम कोर्ट में पेशी के लिए ले गए थे। वापसी के दौरान उन्नाव में बस हादसे में दरोगा और कैदी की मौत हो गई। अन्य घायल पुलिसकर्मियों के इलाज की व्यवस्था की जा रही है।
उन्नाव जिले में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस पलटी, एक दराेगा सहित छह की मौत व 21 घायल
















