मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ने किया ग्राम पंचायतों का निरीक्षण


शहर 21 July 2026
post

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ने किया ग्राम पंचायतों का निरीक्षण

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत  दुर्गा प्रसाद अधिकारी ने आज जनपद पंचायत डोंगरगांव अंतर्गत ग्राम पंचायत तुमड़ीबोड़, माचनपार, दीवानभेड़ी एवं ओदारबांध का भ्रमण कर विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं विकास कार्यों का निरीक्षण किया।  उन्होंने योजनाओं के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने ग्राम पंचायत तुमड़ीबोड़ में निर्माणाधीन अटल समरसता भवन एवं अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम पंचायत में कर (टैक्स) वसूली की प्रगति की समीक्षा करते हुए सचिव से ऑनलाइन पोर्टल में दर्ज आंकड़ों की जानकारी ली। इस अवसर पर उन्होंने सरपंच एवं हितग्राहियों से संवाद कर प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से प्राप्त हो रहे लाभ की जानकारी ली। उन्होंने शासकीय विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों की उपस्थिति तथा उन्हें उपलब्ध कराए जा रहे पौष्टिक आहार की भी जानकारी ली। ग्राम पंचायत माचनपार में उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक निर्देश दिए।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने ग्राम पंचायत ओदारबांध में  वीएनएम के लिए चयनित स्थल का निरीक्षण किया तथा सरपंच से प्रस्तावित कार्य के संबंध में चर्चा की। उन्होंने ग्राम पंचायत दीवानभेड़ी में  परकोलेशन टैंक में निर्मित इंजेक्शन वेल का निरीक्षण किया। साथ ही दीवानभेड़ी, मारगांव एवं गिरगांव की पहाडिय़ों पर जल एवं मृदा संरक्षण के लिए बनाए गए लगभग 6 हजार कंटूर ट्रेंच का भी अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन संरचनाओं के नियमित रखरखाव एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत डोंगरगांव की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री रोशनी भगत टोप्पो, एसडीओ (आरईएस) श्रीकांत देवांगन, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

You might also like!