पश्चिमी उप्र के मुस्लिम परिवार ने हरिद्वार में अपनाया सनातन धर्म, बदले नाम


देश 21 April 2026
post

पश्चिमी उप्र के मुस्लिम परिवार ने हरिद्वार में अपनाया सनातन धर्म, बदले नाम

हरिद्वार, 21 अप्रैल। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के एक मुस्लिम परिवार ने विधिविधान से मंगलवार को उत्तराखंड के हरिद्वार में सनातन धर्म अपना लिया। धार्मिक संगठनों और साधु-संतों की उपस्थिति में नमामि गंगे घाट पर विधि-विधान से गंगा स्नान और शुद्धिकरण के बाद परिवार ने धर्म परिवर्तन किया। परिवार के मुखिया ने अपना नाम मौ. शहजाद से बदलकर शंकर और उनकी पत्नी रजिया ने सावित्री रख लिया है। उनके साथ दो बेटियों और एक बेटे ने भी सनातन धर्म स्वीकार कर अपने नाम क्रमशः सावित्री, दीक्षा व रुद्र रख लिए हैं।

कार्यक्रम में बाबा हठयोगी, रामविशाल दास महाराज, अरुण कृष्ण महाराज, अखाड़ा परिषद से जुड़े संतों सहित अन्य साधु-संत मौजूद रहे। पूरे परिवार का हवन-यज्ञ और शुद्धिकरण संस्कार कराया गया। शुद्धिकरण व यज्ञोपवीत संस्कार की पूरी प्रक्रिया संतों के सानिध्य में आचार्य कुलदीप विद्यार्थी और अनुज शास्त्री ने वैदिक विधि विधान के साथ पूरी कराई।

बाबा हठयोगी ने बताया कि परिवार ने वैदिक परंपराओं के अनुसार सनातन धर्म स्वीकार किया है और उन्हें हिंदू धर्म की रीति-रिवाजों की जानकारी भी दी जाएगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि परिवार के पूर्वज पहले हिंदू थे और अब उन्होंने पुनः घर वापसी की है।

धर्म परिवर्तन करने वाले व्यक्ति शंकर (पूर्व मौ. शहजाद) ने कहा कि उनकी भगवान शिव में गहरी आस्था है और इसी कारण उन्होंने यह निर्णय लिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस फैसले के बाद उन्हें कुछ लोगों से जान का खतरा महसूस हो रहा है।

अरुण कृष्ण महाराज के अनुसार, परिवार ने स्वयं आगे आकर सनातन धर्म अपनाने की इच्छा जताई थी। उन्होंने यह भी कहा कि उनके संपर्क में ऐसे अन्य लोग भी हैं जो घर वापसी करना चाहते हैं।

You might also like!