नई दिल्ली, 22 अक्टूबर । कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा की प्रदर्शनी से जुड़े विवाद में बीकानेर हाउस मैनेजमेंट सोसाइटी ने गुरुवार को कहा कि बीकानेर हाउस कला एवं संस्कृति के संवर्धन के लिए समर्पित एक सार्वजनिक सांस्कृतिक संस्थान है। इस हाउस के प्रांगण में आयोजित होने वाली प्रदर्शनियों और उससे संबंधित गतिविधियों के लिए सोसाइटी की नीति का अनुपालन करना आवश्यक है।
सोसाइटी ने एक बयान में कहा कि बीकानेर हाउस में रेहान वाड्रा की प्रदर्शनी “नो आइडिया इज़ फाइनल” के एक भाग के रूप में प्रदर्शित कुछ तस्वीरें बीकानेर हाउस मैनेजमेंट सोसाइटी की नीति के अनुरूप नहीं पाई गईं। तदनुसार, उन्हें हटाने का अनुरोध किया गया। जो तस्वीरें सोसाइटी की नीति के अनुरूप थीं, उन तस्वीरों का प्रदर्शन जारी रखा गया है।
उल्लेखनीय है कि प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा के बेटे कलाकार एवं फोटोग्राफर रेहान वाड्रा ने गुरुवार को कहा कि बीकानेर हाउस प्रशासन ने उनकी एकल प्रदर्शनी से पहले हाल ही में दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शनों की कई तस्वीरें हटा दीं। हटाई गईं तस्वीरें दिल्ली के हालिया विरोध-प्रदर्शनों की थीं। इनमें प्रदर्शनकारियों, भीड़, पुलिस और कुछ तिरंगे वाली ब्लैक-एंड-व्हाइट स्ट्रीट फोटो शामिल थीं, जिन्हें प्रबंधन ने राजनीतिक सामग्री मानकर हटा दिया।
इस पर प्रियंका ने भावनात्मक पोस्ट में कहा कि “जब सत्ताधारी व्यक्ति किसी दूसरे की अभिव्यक्ति से डरने लगता है, तो उसे पता भी नहीं चलता, लेकिन वह उस सत्ता को खो चुका होता है जिसे वह बचाने की कोशिश कर रहा होता है।” उन्होंने पोस्ट में रेहान से कहा कि आप सत्य के लिए खड़े रहें और हर खूबसूरत चीज आपके पास आ जाएगी। मुझे आप पर गर्व है और हमेशा रहेगा।
प्रदर्शनियों के लिए नीति का अनुपालन आवश्यक : बीकानेर हाउस
















