सिनेमाघरों में 'दृश्यम 3' का जलवा, रिकॉर्डतोड़ कलेक्शन से शुरुआत


मनोरंजन 03 October 2026
post

सिनेमाघरों में 'दृश्यम 3' का जलवा, रिकॉर्डतोड़ कलेक्शन से शुरुआत

मुंबई, 3 अक्टूबर । अजय देवगन की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'दृश्यम 3: द कंक्लूजन' ने 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में दस्तक देते ही बॉक्स ऑफिस पर जोरदार शुरुआत की है। विजय सालगांवकर और उसके परिवार की कहानी को आगे बढ़ाने वाली फिल्म ने पहले दिन दुनियाभर में करीब 95.10 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। भारत में इसका ग्रॉस कारोबार करीब 80.10 करोड़ रुपये रहा। विदेशी बाजार से फिल्म ने लगभग 15 करोड़ रुपये जुटाए।

इस प्रदर्शन के साथ 'दृश्यम 3' अजय देवगन के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्म बन गई है। इसने 'सिंघम अगेन' के 43.70 करोड़, 'सिंघम रिटर्न्स' के 32.09 करोड़ और 'गोलमाल अगेन' के 30.14 करोड़ रुपये के पहले दिन के कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया। फिल्म ने फ्रैंचाइजी की पिछली दोनों फिल्मों को भी काफी पीछे छोड़ दिया है। 2022 में रिलीज हुई 'दृश्यम 2' ने पहले दिन 15.38 करोड़ रुपये, जबकि 2015 में आई 'दृश्यम' ने 5.85 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था।

फिल्म की मजबूत शुरुआत में एडवांस बुकिंग का भी अहम योगदान रहा। रिलीज से पहले ब्लॉक सीटों को शामिल करते हुए 'दृश्यम 3' की एडवांस बुकिंग करीब 79.71 करोड़ रुपये तक पहुंच गई थी, जबकि ब्लॉक सीटों को हटाने पर यह आंकड़ा 67.79 करोड़ रुपये रहा। पहले दिन 95 करोड़ रुपये से अधिक का वैश्विक कारोबार करने के बाद फिल्म अब अपनी फ्रैंचाइजी की पहली फिल्म के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ने की ओर बढ़ रही है। 2015 में रिलीज हुई 'दृश्यम' ने दुनियाभर में करीब 110.40 करोड़ रुपये का कारोबार किया था।

You might also like!