एमआरएफ के ऑस्ट्रेलिया ट्रेनिंग प्रोग्राम के लिए बिहार के तेज गेंदबाज वासुदेव प्रसाद का चयन, बीसीए अध्यक्ष हर्षवर्धन ने जताया गर्व


खेल 23 July 2026
post

एमआरएफ के ऑस्ट्रेलिया ट्रेनिंग प्रोग्राम के लिए बिहार के तेज गेंदबाज वासुदेव प्रसाद का चयन, बीसीए अध्यक्ष हर्षवर्धन ने जताया गर्व

बिहार क्रिकेट संघ (बीसीए) ने गुरुवार को घोषणा की कि उसके उभरते तेज गेंदबाज वासुदेव प्रसाद का चयन प्रतिष्ठित एमआरएफ पेस फाउंडेशन के ऑस्ट्रेलिया में आयोजित हाई-परफॉर्मेंस ट्रेनिंग प्रोग्राम के लिए किया गया है।

वासुदेव ने देशभर में आयोजित कड़े चयन ट्रायल को सफलतापूर्वक पार करते हुए यह उपलब्धि हासिल की। इस ट्रायल में केवल उन्हीं तेज गेंदबाजों का चयन किया गया, जिन्होंने अपनी रफ्तार, सटीकता, निरंतरता और समग्र प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया।

इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए बिहार क्रिकेट संघ के अध्यक्ष हर्षवर्धन ने कहा, "यह बिहार क्रिकेट के लिए बेहद गर्व का क्षण है। वासुदेव प्रसाद का इतने प्रतिष्ठित कार्यक्रम के लिए चयन इस बात का प्रमाण है कि बिहार में क्रिकेट का स्तर लगातार बेहतर हो रहा है। यह उनकी कड़ी मेहनत, समर्पण और हमारे खिलाड़ियों को उपलब्ध कराए जा रहे बेहतर अवसरों का परिणाम है। हम प्रतिभाशाली क्रिकेटरों को आगे बढ़ाने और उनका पूरा सहयोग करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।"

उन्होंने आगे कहा, "बिहार के खिलाड़ियों की लगातार प्रगति और वैभव सूर्यवंशी जैसी उपलब्धियां स्पष्ट संकेत देती हैं कि बिहार क्रिकेट संघ सही दिशा में आगे बढ़ रहा है। सामूहिक प्रयासों और दीर्घकालिक सोच के साथ हम राज्य की सर्वश्रेष्ठ प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

मुजफ्फरपुर निवासी वासुदेव प्रसाद बिहार की ओर से अंडर-16, अंडर-19 और अंडर-23 स्तर पर खेल चुके हैं। उन्होंने बीसीसीआई की घरेलू प्रतियोगिताओं में अपने प्रदर्शन से भी प्रभावित किया है।

इस बीच, गोपालगंज निवासी रिंकल तिवारी, जिन्होंने बिहार की ओर से अंडर-19 स्तर पर प्रतिनिधित्व किया है, का पहले ही एमआरएफ पेस फाउंडेशन के तेज गेंदबाजी विकास कार्यक्रम के लिए चयन हो चुका है। बाद में उनका चयन बीसीसीआई की नेशनल क्रिकेट अकादमी (एनसीए) और जोनल प्रतियोगिताओं के लिए भी हुआ, जो उनकी लगातार प्रगति और उज्ज्वल भविष्य को दर्शाता है।

बिहार क्रिकेट संघ के सचिव जियाउल आरफिन ने भी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा, "वासुदेव प्रसाद की उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और प्रतिबद्धता का परिणाम है। उनका चयन केवल उनके लिए ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार के लिए गर्व का विषय और राज्य के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है। हमें विश्वास है कि वह इस अवसर का पूरा लाभ उठाएंगे और भविष्य में बिहार तथा भारत का नाम रोशन करेंगे।"

You might also like!