भोपाल, 05 जून। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने शुक्रवार को वेस्ट सेंट्रल रेलवे के डिप्टी चीफ इंजीनियर-II (निर्माण) को एक लाख रुपये की रिश्वत के मामले में गिरफ्तार किया। आरोपी अधिकारी वर्तमान में मध्य प्रदेश के सागर मे तैनात हैं।
सीबीआई के अनुसार गुरुवार को एक शिकायतकर्ता की शिकायत के आधार पर रिश्वखोरी का मामला दर्ज किया गया। शिकायत में आरोप था कि आरोपी डिप्टी चीफ इंजीनियर ने कॉन्ट्रैक्ट के काम से जुड़े सिक्योरिटी डिपॉजिट को जारी करने, बकाया बिलों के भुगतान और पीवीजी ड्यूज (कुल मिलाकर लगभग 1 करोड़ रुपये) के लिए शिकायतकर्ता से एक लाख रुपये की अनुचित मांग की थी। सीबीआई ने जाल बिछाया और आरोपी अधिकारी को शिकायतकर्ता से एक लाख रुपये लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी के गेस्ट हाउस के कमरे की तलाशी के दौरान 62 हजार रुपये की नकदी और रियल एस्टेट में निवेश से जुड़े आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए। फिलहाल आरोपी को गिरफ़्तार कर लिया गया है और उसे आज जबलपुर की सक्षम अदालत में पेश किया जाएगा।

















