प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली में वेनेजुएला
की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज से बातचीत करेंगे। इस वार्ता में
भारत-वेनेजुएला संबंधों के सभी पहलुओं पर चर्चा होगी और ऊर्जा सुरक्षा,
व्यापार और निवेश, फार्मास्यूटिकल्स,
स्वास्थ्य सेवा, परिवहन और
नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में आगे सहयोग के अवसरों का पता लगाया जाएगा।
सुश्री रोड्रिगेज़ कल भारत की पांच
दिवसीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचीं। उनके साथ विदेश मामलों,
अर्थव्यवस्था एवं वित्त,
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी,
संचार एवं सूचना तथा परिवहन मंत्रियों का
प्रतिनिधिमंडल भी है। सुश्री रोड्रिगेज़ इससे पहले 2015 में विदेश
मंत्री और 2019, 2023, 2024 और 2025
में उपराष्ट्रपति के रूप में भारत की यात्रा कर चुकी
हैं।
वेनेजुएला का प्रतिनिधिमंडल ऊर्जा,
फार्मास्यूटिकल्स और ऑटो क्षेत्रों से जुड़े कई
स्थलों का दौरा करेगा ताकि भारत की तकनीकी और औद्योगिक क्षमताओं के बारे में
जानकारी प्राप्त कर सके और सहयोग के अवसरों का पता लगा सके। भारत ऊर्जा और निवेश
के क्षेत्रों में वेनेजुएला का एक महत्वपूर्ण भागीदार रहा है। भारतीय सार्वजनिक
क्षेत्र के उपक्रमों ने ऊर्जा क्षेत्र में वेनेजुएला में महत्वपूर्ण निवेश किया है
और वे अपनी उपस्थिति को और बढ़ाने के अवसरों का पता लगाने के लिए उत्सुक हैं।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत और
वेनेजुएला के बीच ऊर्जा क्षेत्र, व्यापार और
वैश्विक दक्षिण के प्रति साझा प्रतिबद्धता के सहयोग से मजबूत और सौहार्दपूर्ण
संबंध हैं। मंत्रालय ने कहा कि इस यात्रा से द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूती
मिलने और विभिन्न क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच सहयोग गहराने की उम्मीद है।


















