लखनऊ, 5 जून। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उनके जन्मदिन के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री आमित शाह समेत देश के भर के अन्य नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक्स पर लिखा है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जन्मदिन की शुभकामनाएं। राज्य की प्रगति के लिए उनका कार्य उल्लेखनीय है। मुख्यमंत्री योगी ने हमेशा आम लोगों के जीवन में सुधार की दिशा में कार्य किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनके लंबे एवं स्वथ जीवन की कामना करता हूं।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर कहा कि उत्तर प्रदेश के लोकप्रिय एवं कर्मठ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने सुशासन, सुरक्षा, विकास एवं जनकल्याण के क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ अर्जित की हैं। उनके दृढ़ संकल्प और अथक परिश्रम के परिणामस्वरूप आज उत्तर प्रदेश प्रगति और समृद्धि के पथ पर तेज गति से अग्रसर है। ईश्वर से प्रार्थना है कि उन्हें उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु तथा जनसेवा के लिए निरंतर ऊर्जा और शक्ति प्रदान करें।
केंद्रीय गृह एवं सहकारितामंत्री अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में प्रदेश की डबल इंजन सरकार सुशासन और जनकल्याण के नए मापदंड स्थापित कर रही है। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करता हूं।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह समेत उप्र सरकार के मंत्रियों के साथ ही प्रदेश और देश भर के अन्य नेताओं ने मुख्यमंत्री योगी को एक्स पर पोस्ट कर जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु की कामना की है।
उल्लेखनीय है पांच जून 1972 को उत्तराखण्ड के पौड़ी गढ़वाल जिले में जन्मे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने जन्मदिन पर कोई आयोजन नहीं करते। एक कर्मयोगी की भांति अपनी जिम्मेदारियां निभाते नजर आते हैं। हालांकि उनके समर्थक धार्मिक आयोजन कर उनके दीर्घायु की कामना करते हैं। राजधानी लखनऊ से लेकर गोरखपुर समेत अन्य जिलों में कुछ जगहों पर पौधरोपण किया गया तो कुछ स्थानों पर भण्डारे का आयोजन हुआ है।

















