बलरामपुर : एचपीवी वैक्सीन से सर्वाइकल कैंसर से बचाव, 2084 किशोरियों को लगा टीका

post

बलरामपुर : एचपीवी वैक्सीन से सर्वाइकल कैंसर से बचाव, 2084 किशोरियों को लगा टीका

बलरामपुर, 02 जून। जिले में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा एचपीवी (ह्यूमन पेपिलोमावायरस) टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। भारत सरकार के निर्देशानुसार यह टीका चिन्हित स्वास्थ्य संस्थानों में निशुल्क लगाया जा रहा है।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिले में अब तक 2084 किशोरियों का टीकाकरण किया जा चुका है। वहीं सामरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 150 के लक्ष्य के विरुद्ध 142 किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई जा चुकी है।

कलेक्टर ने मंगलवार काे अभिभावकों और किशोरियों से टीकाकरण अभियान का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि एचपीवी वैक्सीन गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर की रोकथाम में प्रभावी है। उन्होंने लोगों से टीके को लेकर फैलाई जाने वाली भ्रामक जानकारियों पर ध्यान न देने की अपील की।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में कैंसर से होने वाली मौतों के प्रमुख कारणों में शामिल है। यह बीमारी ह्यूमन पेपिलोमावायरस संक्रमण से होती है। विशेषज्ञों का मानना है कि किशोरावस्था में लगाया गया एचपीवी टीका संक्रमण से सुरक्षा प्रदान करता है और भविष्य में सर्वाइकल कैंसर की संभावना को काफी हद तक कम कर देता है।

जिला प्रशासन ने सभी अभिभावकों से अपनी 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बेटियों का टीकाकरण कराने की अपील की है। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और कोल्ड चेन प्वाइंट वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक यह टीका निशुल्क लगाया जा रहा है।

You might also like!