मीशो को आयकर विभाग से मिला 1,500 करोड़ रुपये का मांग नोटिस


व्यापार 09 March 2026
post

मीशो को आयकर विभाग से मिला 1,500 करोड़ रुपये का मांग नोटिस

नई दिल्ली, 09 मार्च । ई-कॉमर्स कंपनी मीशो को आयकर विभाग से लगभग 1,500 करोड़ रुपये की कर मांग का नोटिस मिला है। कंपनी ने इस नोटिस को चुनौती देने का निर्णय लिया है।

ई-कॉमर्स कंपनी मीशो ने सोमवार को शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि उसे छह मार्च को आकलन वर्ष 2023-24 के लिए आयकर विभाग से यह नोटिस मिला। इसमें विभाग की आकलन इकाई ने ब्याज सहित कुल 1,499.73 करोड़ रुपये की कर मांग रखी है। यह कर मांग कंपनी की घोषित आय में कुछ बढ़ोतरी और समायोजन को आधार बनाते हुए जारी किया गया है।

नियामकीय सूचना के मुताबिक मीशो ने कहा कि वह इस आकलन आदेश की समीक्षा कर रही है और उसमें की गई टिप्पणियों और समायोजनों से सहमत नहीं है। कंपनी ने कहा कि हमारा मानना है कि कंपनी के पास इसे चुनौती देने के लिए पर्याप्त कानूनी एवं तथ्यात्मक आधार हैं और अपने हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठा रहे हैं।

कंपनी ने बताया कि आकलन वर्ष 2022-23 के लिए भी इसी तरह की कर मांग रखी गई थी। उस मामले में कर्नाटक उच्च न्यायालय ने 17 अप्रैल, 2025 को अंतरिम स्थगन दे दिया था और मामला अभी लंबित है। मीशो ने कहा कि मौजूदा आकलन आदेश और कर मांग नोटिस का कंपनी की वित्तीय स्थिति, परिचालन या अन्य गतिविधियों पर कोई बड़ा प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा।

You might also like!